दिल्ली विधानसभा चुनाव का बज गया बिगुल
पांच फरवरी को मतदान, परिणाम आठ को आएंगे
नई दिल्ली। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में पांच फरवरी को मतदान होगा और परिणाम आठ फरवरी को आएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि यहां एक चरण में सभी 70 सीटों पर पांच फ़रवरी को मतदान होगा जबकि मतगणना आठ फ़रवरी को होगी।
श्री कुमार ने कहा कि दिल्ली में एक करोड़ 55 लाख कुल मतदाता हैं, जिनमें 83 लाख से ज्यादा पुरुष और 71 लाख से अधिक महिला मतदाता है। कुल 13 हजार 33 पोलिंग बूथ हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ने इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से किसी तरह के छेड़छाड़ को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि ईवीएम में अवैध वोट डालने की संभावना नहीं है। ईवीएम फुलप्रूफ डिवाइस है। इसे मतदान के बाद सील कर दिया जाता है। ईवीएम किसी भी तरह से हैक नहीं हो सकता है और यह चुनाव का सबसे सुरक्षित तरीका है। मतों की गिनती से पहले हर ईवीएम की सील चेक होती है। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के एक के बाद एक कई फैसलों में स्पष्ट कहा गया है कि भारत में प्रयोग की जाने वाली श्ईवीएम मशीनों को हैक नहीं किया जा सकता। इनमें रिगिंग (गड़बड़ी) संभव नहीं है और इसमें ऐसा कोई वायरस भी नहीं डाला जा सकता जिससे कि मतदान के परिणाम प्रभावित किये जा सकते हों। उन्होंने मतदाता सूचियों, मतदान के प्रतिशत और ईवीएम को लेकर बार-बार उठाये जाने वाले सवालों को राजनीति के लिये गढ़ी और फैलायी जाने वाली कहानी करार देते हुये कहा कि आयोग बार-बार अपनी चुनावी व्यवस्था और प्रक्रियाओं का विस्तृत विवरण दे चुका है तथा इस पूरी व्यवस्था को उसकी वेबसाइट पर देखा जा सकता है। श्री कुमार ने शाम छह बजे के बाद मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी की शिकायतों के बारे में कहा कि छह बजे चुनाव खत्म हो और सवा छह बजे मतदान के आंकड़े जारी कर दिये जाएं, यह संभव नहीं है क्योंकि हर मतदान केन्द्र पर चुनाव अधिकारियों को ” फॉर्म 17 सी” तैयार कर वहीं प्रत्येक प्रत्याशी के एजेंट को देना होता है। यह हर मतदान केन्द्र पर पड़े वोट का लिखित लेखा-जोखा होता है जो हर प्रत्याशी के पास होता है। इससे मतगणना के दिन खुले वोटों का मिलान भी होता है। उन्होंने कहा कि आयोग अब रात के 11 से 11.30 बजे तक वोट के अंतिम आंकड़े जारी करने के लिये प्रेस रिलीज जारी करता है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव की अंतिम मतदाता सूची जारी की गई जिसमें कुल एक करोड़ 55 लाख 24 हज़ार 858 मतदाता है। इनमें कुल 83 लाख 49 हज़ार 645 पुरुष और 71 लाख 73 हज़ार 952 महिला मतदाता शामिल हैं। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 1261 है। मतदाता पहचान पत्र पाने के लिए फर्जी दस्तावेज जमा करने के मामले में 24 लोगों के खिलाफ आठ प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नए मतदाता पहचान पत्र प्राप्त करने के लिए फर्जी दस्तावेज जमा करने के खिलाफ चेतावनी दी है। ग़ौरतलब है कि 2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी को 62 सीटें और भाजपा को आठ सीटें मिली थी । वहींए कांग्रेस पार्टी अपना खाता खोलने में भी नाकाम रही थी।
