चुनाव नेता नही बूथ स्तर के कार्यकर्ता जीतते हैं : मोदी
बूथ मजबूत तो समझो चुनाव में जीत
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि चुनाव नेता नही बूथ स्तर के कार्यकर्ता जीतते है, यदि बूथ मजबूत तो समझो चुनाव में जीत होगी। श्री मोदी आज “मेरा बूथ, सबसे मजबूत थीम” के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार बिहार में तीन बार दीवाली मनेगी। उन्होंने कहा कि पहली दीवाली उंस दिन थी जब नवरात्रि की शुरुआत के समय सरकार ने 22 सितंबर को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों को घटा दिया और रोजमर्रा की वस्तुएं, दवाइयां, जीवन बीमा आदि के सस्ते होने से लोगो के जेब पर बोझ घट गया। उन्होंने कहा कि दूसरी दीवाली तारीख के हिसाब से 22 अक्टूबर को है और तीसरी दीवाली 14 नवंबर को होगी जब बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की नई सरकार बनेगी और लोकतंत्र का पर्व मनाया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में लोकतंत्र के महोत्सव की शुरुआत हो गई है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि लोकतंत्र के इस पर्व में जीत हासिल करने के लिए जी जान से जुट जाएं। उन्होंने स्लोगन पढ़ा “एकजुट राजग, एकजुट बिहार” बिहार में बनेगी सुशासन की सरकार। उन्होंने कार्यकर्ताओ से कहा कि इस समय सभी लोग राजग के कार्यकर्ता हैं और जहां भाजपा के उम्मीदवार नही खड़े हैं उन इलाकों में भी जनता दल यूनाइटेड (जदयू, लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के कार्यकर्ताओं से तालमेल बैठा कर राजग उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करें। उन्होंने भाजपा के मंडल पदाधिकारियों, बूथ अधिकारियों और सक्रिय सदस्यों से आग्रह किया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं की सूची लेकर घर-घर जाएं और उनको सिलसिलेवार जानकारी दें।
श्री मोदी ने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने मोबाइल या लैपटॉप में सरकार की योजनाओं और मिल रही सुविधाओं से सम्बंधित वीडियो अपलोड करें और जब भी किसी मतदाता से मिलें उसे वीडियो दिखाएं। इतना ही नही यदि संभव हो तो वीडियो मतदाता के मोबाइल पर भी अपलोड कर दें। प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं जैसे उज्ज्वला, आयुष्मान योजना, फ्री बिजली, पेंशन, महिला रोजगार, दवाई, खाद,जीएसटी वगैरा से मिल रहे लाभ की एक सूची बनाई जाए और सम्पूर्ण लाभ से हो रही आर्थिक बचत की जानकारी मतदाता को दी जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओँ रोड, रेल, मेट्रो, हवाईअड्डे निर्माण की जानकारी भी मतदाताओ तक पहुंचाई जाए।
श्री मोदी ने कहा कि मतदाताओ को बूथ तक पहुंचाने के किये अलग-अलग टोली बनाई जाए जिसमें महिलाएं, किसान, व्यवसायी, शिक्षक, कारोबारी और अन्य समूह हों और उन्हें मतदान के लिए उत्साहित किया जाए। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि मतदान को उत्सव का रूप देने के लिए उनकी टोली गाना गाते हुए या थाली बजाते हुए मतदान केंद्रो की तरफ प्रस्थान करें जिससे देखने वालों के अंदर भी मतदान के लिए उत्साह का संचार हो। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बिहार में 1990 से लेकर 2005 तक के जंगलराज की याद दिलाया और कहा कि वर्ष 2005 में जो बच्चे 10 से 15 साल के थे वे आज 30 से 35 साल के हो गए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें बिहार में जंगलराज के दौर के किस्से सुनाए जाए और हो सके तो उन बुजुर्गों से मिलवाया जाए जाए जिन्होने जंगल राज को देखा और भोगा था।
प्रधानमंत्री ने संवाद से जुड़े भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि बिहार अदभुत राज्य है और यहां के लोगों को राजनीति की गहरी समझ है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव से पूर्व अपने इलाके के मतदाताओं से बार-बार मिलें, बिहार में राजग सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराएं और सुनिश्चित करें कि “मेरा बूथ सबसे मजबूत” है।
