दिल्ली में लाल किले के पास धमाका. 10 की मौत
24 से ज्यादा घायल, पीएम मोदी ने घटना पर जताया दुःख, हर एंगल से होगी जांच
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार की शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में हुए भीषण विस्फोट में 10 लोगों की मौत हो गई और 24 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह विस्फोट एक आई20 कार में हुआ। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास के कई वाहनों में आग लग गई और कुछ के परखच्चे उड़ गए तथा आसपास की खिड़कियों के शीशे टूट गए।। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। विस्फोट में मरने वालों की शिनाख्त की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और घटना के बाद सुरक्षा अधिकारियों ने दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी प्रक्षेत्र (एनसीआर) समेत कई राज्यों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। अधिकारी विस्फोट के सटीक कारण का पता लगाने के लिए काम कर रहे हैं। फोरेंसिक टीमें, राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (एनआईए) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) मौके पर मौजूद नजर आए। जांचकर्ता घटना के पीछे आतंकी पहलू की भी जांच कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं और उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से बात की है। उन्होंने विस्फोट में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि दिल्ली में सोमवार शाम हुए विस्फोट में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
गृह मंत्री अमित शाह और अन्य अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। श्री शाह ने दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा से विस्तृत जानकारी ली है। उन्होंने प्रधानमंत्री को स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मामले की सभी एंगल से गहन जांच की जाएगी और सभी विकल्पों की तुरंत जांच करके जांच के नतीजे जनता के सामने रखे जाएंगे। बाद में श्री शाह ने जांच की समीक्षा के लिए घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने एलएनजेपी अस्पताल में जाकर घायलों का हालचाल पूछा और इसके बाद विस्फोट स्थल का मुआयना किया।
दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने पुष्टि की कि अधिकारी अधिक जानकारी जुटाने के लिए घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों से बात कर रहे हैं। विस्फोट के बाद उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है। एनआईए, एफएसएल और विशेष प्रकोष्ठ की टीमें फिलहाल विस्फोट स्थल की जांच कर रही हैं। श्री गोलचा ने घटना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि आज शाम लगभग 18.52 बजे एक धीमी गति से चल रहा वाहन लाल बत्ती पर रुका। उस वाहन में विस्फोट हुआ और विस्फोट के कारण आसपास के वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल (एलएनजेपी) के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बीएल चौधरी के अनुसार आठ पीड़ितों की अस्पताल पहुaचने से पहले ही मौत हो गई, जबकि छह गंभीर रूप से घायल हैं। उन्होंने बताया कि घायलों में एक की हालत स्थिर है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विस्फोट में लोगों के मारे जाने तथा घायल होने पर गहरा दुःख जताया है।
