पेट्रोल-डीजल के फिर बढ़े भाव

दुनिया में कच्चे तेल के सबसे बड़े आयातक देश चीन में इसकी मांग बेहिसाब बढ़ रही है। इस वजह से दुनिया भर में कच्चे तेल के भाव में तेजी है। ब्रेंट क्रूड 62 डॉलर प्रति बैरल के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया है। जबसे दुनिया में कोरोना संकट आया है तब से कच्चे तेल के भाव पहली बार इस स्तर पर पहुंचे हैं।
घरेलू बाजार में शनिवार को लगातार 5वें दिन पेट्रोल.डीजल के भाव में तेजी रही। दिल्ली में शनिवार को पेट्रोल का भाव 30 पैसे बढ़कर 88.44 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया। दिल्ली में डीजल 36 पैसे प्रति लीटर महंगा होकर 78.74 रुपये प्रति लीटर के रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया।
इस समय लगभग देश के हर शहर में दोनों ईधनों के भाव ऑल टाइम हाई पर चल रहे हैं। मुंबई में पेट्रोल का भाव 94.93 रुपये जबकि डीजल का भाव 85.70 रुपये प्रति लीटर रहा। चेन्नई में पेट्रोल का भाव 90.70 रुपयेए जबकि डीजल का भाव 83.96 रुपये रहा। जनवरी और फरवरी 2021 में महज 17 दिन ही पेट्रोल महंगा हुआ लेकिन इतने दिनों में ही इसका भाव 04.63 रुपये बढ़ गया है। मुंबई में तो पेट्रोल 95 रुपये के पास पहुंच गया है। यह देश के महानगरों में सबसे ज्यादा है। पिछले साल की दूसरी छमाही में भी पेट्रोल के भाव में काफी तेजी रही। पिछले 10 महीने में ही इसके भाव करीब 18 रुपये प्रति लीटर बढ़ चुके हैं।
देश भर में पेट्रोल के साथ साथ डीजल के भाव भी रिकार्ड ऊंचाई पर हैं। शुक्रवार को भी डीजल के भाव 35 पैसे बढ़े। शनिवार को यह फिर 36 पैसे महंगा हुआ है। नए साल 17 बार भाव बढ़ने के बाद डीजल 04.87 रुपये प्रति लीटर महंगा हो चुका है। पिछले 10 महीने में ही इसके दाम में 16 रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो चुकी है।
