ममता ने तीसरी वार संभाली मुख्यमंत्री पद की कमान

राज्यपाल धनखड़ ने दिलायी पद एवं गोपनीयता की शपथ 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हैट्रिक जीत दर्ज करने वालीं टीएमसी की मुखिया ममता बनर्जी एक बार फिर से राज्य की मुख्यमंत्री बन गई हैं। ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के तौर पर आज यानी बुधवार को लगातार तीसरी बार राजभवन में शपथ ग्रहण किया।
राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने ममता बनर्जी को राजभवन में मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण समारोह के लिए पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य, निवर्तमान सदन के नेता प्रतिपक्ष अब्दुल मन्नान और माकपा के वरिष्ठ नेता बिमान बोस को कार्यक्रम का निमंत्रण भेजा गया था।
सफेद रंग की साड़ी पनहकर बंग्ला भाषा में शपथ लेने के बाद ममता बनर्जी ने सबका अभिवादन किया और कहा कि मैं सभी से शांति बनाए रखने की अपील करती हूं। अगर किसी भी दल के व्यक्ति ने हिंसा की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मैं शांति के पक्ष में हूं और रहूंगी।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल ने कहा कि मैं ममता जी को उनके तीसरे कार्यकाल की बधाई देता हूं। आशा है कि शासन संविधान और कानून के नियम के अनुसार चलेगा। हमारी प्राथमिकता इस संवेदनहीन हिंसा का अंत करना है जिसने समाज को बड़े स्तर पर प्रभावित किया है। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री कानून के शासन को बहाल करने के लिए तत्काल कदम उठाएंगी। इस मामले से परिचित अधिकारी ने कहा कि देश में कोविड-19 महामारी की वर्तमान परिस्थितियों के मद्देनजर अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों और अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं को समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि आज केवल ममता बनर्जी ने अकेले शपथ लिया। राजभवन में आज सुबह करीब 10.45 बजे यह शपथग्रहण समारोह हुआ जिसमें पार्टी सांसद अभिषेक बनर्जी, चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर और पार्टी के वरिष्ठ नेता फिरहाद हाकिम भी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.