नेशन फर्स्ट का नारा दिया पीएम मोदी ने
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के जरिए देशवासियों को संबोधित करते हुए टोक्यो ओलिंपिक में गए भारतीय दल का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय खिलाड़ियों को तिरंगा लेकर चलते देख मैं ही नहीं पूरा देश रोमांचित हो उठा। पीएम मोदी ने कहा कि ये खिलाड़ी जीवन की अनेक चुनौतियों को पार करके यहां पहुंचे हैं। आज उनके पास आपके प्यार और सहयोग की ताकत है। साथ ही पीएम मोदी ने आजादी के 75 साल पूरे होने पर नेशन फर्स्ट ऑलवेज फर्स्ट का नारा भी दिया। उन्होंने कहा कि गांधी के भारत छोड़ो अभियान की तर्ज पर देश के लोग भारत जोड़ो अभियान चलाएं।
पीएम ने कहा कि एक समय था जब छोटे-छोटे निर्माण के काम में भी वर्षो लग जाते थे, लेकिन आज टेक्नोलॉजी की वजह से भारत मे स्थिति बदल रही है। फिलहाल देश में 6 अलग-अलग जगहों पर लाइट हाउस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है। इन प्रोजेक्ट्स में आधुनिक तकनीक और इनोवेटिव तौर.तरीकों का इस्तेमाल किया जाता है। पीएम मोदी ने कहा कि जैसे बापू के नेतृत्व में भारत छोड़ो आंदोलन चला था, वैसे ही आज हर देशवासी को भारत जोड़ो आंदोलन का नेतृत्व करना है। ये हमारा कर्तव्य है कि हम अपना काम ऐसे करें जो विविधताओं से हमारे भारत को जोड़ने में मददगार हो। पीएम मोदी ने कहा कि साल 2014 के बाद से ही मन की बात में हम अक्सर खादी की बात करते हैं। ये आपका ही प्रयास है कि आज देश में खादी की बिक्री कई गुना बढ़ गई है। आप जब भी कहीं पर खादी का कुछ खरीदते हैं, तो इसका लाभ हमारे गरीब बुनकर भाइयो.बहनों को ही होता है। पीएम ने कहा कि 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के साथ एक ऐतिहासिक पृष्ठभूमि जुड़ी हुई है। इसी दिन 1905 में स्वदेशी आंदोलन की शुरुआत हुई थी। हमारे देश के ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में हथकरघा कमाई का बहुत बड़ा साधन है। इस क्षेत्र से लाखों महिलाएं बुनकर और शिल्पी जुड़े हुए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि कितने ही स्वाधीनता सेनानी और महापुरुष हैं जिन्हें अमृत महोत्सव में देश याद कर रहा है। सरकार और सामाजिक संगठनों की तरफ से भी लगातार इससे जुड़े कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। एक आयोजन इस बार 15 अगस्त को होने जा रहा है। यह एक प्रयास है राष्ट्रगान से जुड़ा हुआ। सांस्कृतिक मंत्रालय की कोशिश है कि इस दिन ज्यादा से.ज्यादा भारतवासी मिलकर राष्ट्रगान गाएं। पीएम मोदी ने कहा कि कल कारगिल विजय दिवस है। कारगिल का युद्ध भारत की सेनाओं के शौर्य और संयम का ऐसा प्रतीक है जिसे पूरी दुनिया ने देखा है। इस बार ये गौरवशाली दिवस भी अमृत महोत्सव के बीच मनाया जाएगा। इसलिए ये और भी खास हो जाता है। उन्होंने कहा कि इस 15 अगस्त को देश अपनी आजादी के 75वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। ये हमारा बहुत बड़ा सौभाग्य है कि जिस आजादी के लिए देश ने सदियों का इंतजार किया उसके 75 वर्ष होने के हम साक्षी बन रहे हैं।
