केरल में बेकाबू हुआ कोरोना
नई दिल्ली। देश में एक बार फिर से कोरोना के मामलों में उछाल आया है। इस बीच केरल में कोरोना के नए मामलों की संख्या एक बार फिर बेकाबू हो गई है। प्रेस कांफ्रेंस करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि देश में पिछले 24 घंटे में कोविड के 46,000 नए मामले सामने आए। इनमें से 58 फीसद मामले केरल से सामने आए हैं। बाकी राज्यों में अभी भी कोविड के मामलों में गिरावट देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि केरल में एक लाख से ज्यादा एक्टिव केस हैं। महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में 10,000 से 1 लाख सक्रिय मामले हैं। केरल का योगदान 51 फीसद, महाराष्ट्र में 16 फीसद और बाकी तीन राज्यों का योगदान देश के 4.5 फीसद मामलों में है।
उन्होंने कहा कि भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना केस 40 हजार से ज्यादा दर्ज किए गए हैं। बीते दिन 46,164 नए केस सामने आए और 607 लोगों की मौत हुई। कोरोना से 34,159 मरीज ठीक हुए हैं जिसके बाद ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा 3,17,88,440 हो चुका है। वहीं रिकवरी रेट 97.63 फीसद है। भारत में एक्टिव केस की संख्या 3,33,725 है। वीकली पोजिटिविटी रेट 2.02 फीसद है जो कि पिछले 62 दिनों से 3 फीसद से नीचे है, वहीं डेली पोजिटिविटी रेट 2.58 फीसद है।केरल में एक दिन में 31,445 नए मामले सामने आए जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 38,83,429 हो गई। वहीं 215 और संक्रमितों की मृत्यु के साथ राज्य में संक्रमण से मृतक संख्या 19,972 पहुंच गई है। पिछले सप्ताह कुल कोरोना मामलों में से 58.4 फीसद केरल से सामने आए हैं।
