नहीं रहे बिग बॉस 13 के विनर सिद्धार्थ शुक्ला

मुंबई। बिग बॉस.13 के विनर सिद्धार्थ शुक्ला का गुरुवार को हार्ट अटैक निधन हो गया। वे 40 साल के थे। उनके शरीर पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन उनका पोस्टमॉर्टम कराया गया है और इसकी वीडियोग्राफी भी हुई। सिद्धार्थ के निधन की खबर से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री स्तब्ध है। उन्हें बिग बॉस विनर का खिताब देने वाले सलमान खान ने कहा कि सिद्धार्थ बहुत जल्द चला गया।
इधर सिद्धार्थ के परिवार ने मौत को लेकर किसी तरह की आशंका जाहिर नहीं की है। सिद्धार्थ को मां रीता के साथ बुधवार शाम टहलते हुए देखा गया था। सिद्धार्थ ने बुधवार रात सोने से पहले कुछ दवाएं ली थीं। रात करीब 3 बजे उन्हें बेचैनी हुई और उन्होंने मां रीता से पानी मांगा। उन्हें बताया कि ठीक नहीं लग रहा है। इसके बाद सिद्धार्थ सोने चले गए। सुबह जब मां ने जगाने की कोशिश की तो वे नहीं जागे। मां ने बेटी प्रीति को फोन किया जो अपने पति के साथ आईं और इसके बाद सिद्धार्थ को कूपर अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बिग बॉस सीजन 13 में उनके साथ पार्टिसिपेंट रहे एक्टर बिंदू दारा सिंह ने सिद्धार्थ के निधन पर कहा कि उन्हें इस खबर पर भरोसा नहीं हो रहा है। वो बहुत फिट थे और खूबसूरत थे। वे बहुत बढ़िया इंसान थे। जो आदमी इतना फिट हो, वो भी सुरक्षित नहीं है तो कुछ नहीं कहा जा सकता है। उनका जाना हम सब लोगों के लिए बहुत बड़ा नुकसान है।
अबू मलिक ने कहा कि मैंने उनसे 2 दिन पहले ही बात की थी, वह मेरे लिए एक वीडियो शूट करने वाले थे। उन्होंने मुझसे कहा था कि वह ऐसा करेंगे, लेकिन मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि वह अब हमारे बीच नहीं हैं। मैं वास्तव में सदमे में हूं। देवोलीना भट्टाचार्जी ने कहा कि यह सच है कि सिद्धार्थ हमें छोड़कर चले गए हैं और मैं अब पहले जैसी नहीं रहूंगी। यह चौंकाने वाली खबर हैए अब बोलने के लिए शब्द नहीं बचे हैं। शेफाली जरीवाला ने सिद्धार्थ के निधन पर पर कहा कि कुछ दिनों पहले हम मिले थे और वो बिलकुल फिट थे। काफी खुश नजर आ रहे थे। हमने घंटों बातचीत की थी। वे अपने काम को लेकर बहुत खुश थे। इससे ज्यादा अब कुछ नहीं बोला जा सकता है मुझसे। उसके निधन की खबर सुनकर हैरान हूं और अब भी यकीन करना मुश्किल है सिद्धार्थ हमें छोड़कर चले गए हैं।
बॉलीवुड एक्ट्रेस टिस्का चोपड़ा ने सिद्धार्थ की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, स्तब्ध, सिद्धार्थ मेरा पड़ोसी और कभी-कभी साथ में वॉक करने वाला। तुम्हारी आत्मा को शांति मिले सिद्धार्थ शुक्ला। उम्मीद करती हूं कि आंटी और दोस्तों को आपको खोने के इस अपार दुख को सहने की शक्ति मिलेगी। बॉलीवुड सिंगर टोनी कक्कड़ ने सिद्धार्थ के निधन पर शोक जताते हुए लिखा, स्तब्ध, कोई मुझसे कह दे कि ये झूठ है। मुझे विश्वास नहीं हो रहा है। बता दें कि बीते साल सिद्धार्थ टोनी कक्कड़ के गाने शोना.शोना में शहनाज गिल के साथ नजर आए थे। ये गाना बेहद पॉपुलर हुआ था। तारक मेहता का उल्टा चश्मा में बबीता जी के किरदार में नजर आ रहीं मुनमुन दत्ता ने लिखाए स्तब्ध हूं। मेरे पास शब्द ही नहीं हैं सिद्धार्थ शुक्ला।
विदित हो कि सिद्धार्थ का जन्म मुंबई में 1980 में हुआ था। उन्होंने मॉडल के तौर पर अपना करियर शुरू किया था। 2005 में उन्होंने वर्ल्ड बेस्ट मॉडल का खिताब भी जीता था। बाद में वो टेलीविजन सीरियल्स में नजर आने लगे। सिद्धार्थ ब्रोकेन बट ब्यूटीफुल.3, बालिका वधु और दिल से दिल तक जैसे सीरियल्स से मशहूर हुए। उन्होंने फियर फैक्टर सीजन 7 भी जीता था। सिद्धार्थ सावधान इंडिया और इंडिया गॉट टैलेंट जैसे शो भी होस्ट कर चुके हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.