सेना को मिला उन्नत स्वदेशी अर्जुन टैंक

चेन्नई। पाकिस्तान और चीन के साथ सीमा पर बढ़े तनाव के बीच सेना की ताकत को और मजबूती प्रदान की गई है। सेना को उन्नत श्रेणी के स्वदेशी अर्जुन टैंक एमके.1ए दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को यहां एक कार्यक्रम में सेना को यह टैंक सौंपा।
सेना को उन्नत श्रेणी के अर्जुन टैंक एमके.1ए सौंपने के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि यह भारत की एकजुट भावना का प्रतीक भी है क्योंकि दक्षिण भारत में निर्मित बख्तरबंद वाहन देश की उत्तरी सीमाओं की सुरक्षा करेंगे। सेना प्रमुख जनरल एमएन नरवाने को टैंक के प्रतिकृति मॉडल सौंपने के बाद प्रधानमंत्री ने अत्याधुनिक टैंक की सलामी भी ली। यह टैंक पूरी तरह से स्वदेशी है। इसके डिजाइन से लेकर विकास और मैन्युफैक्चरिंग तक का काम देश में ही किया गया है।
रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने इसे विकसित किया है।
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वदेशी रूप से डिजाइन किए गए और बनाए गए अर्जुन मेन बैटल टैंक;एमके.1ए को सौंपते हुए गर्व है। ये स्वदेशी गोलाबारूद का भी इस्तेमाल करता है। तमिलनाडु पहले ही भारत का ऑटोमोबाइल निर्माण का हब है, अब मैं तमिलनाडु को भारत के टैंक निर्माण के हब के रूप में विकसित होते देख रहा हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु में बना टैंक देश को सुरक्षित रखने के लिए उत्तरी सीमाओं की निगरानी करेगा। यह देश की एकता की भावना भारत
एकता दर्शन का सही प्रदर्शन है। उन्होंने कहा कि अपनी सेना को दुनिया की सबसे आधुनिक सेना बनाने के लिए हम काम करते रहेंगे। इसके साथ ही रक्षा क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने पर भी तेजी से काम होगा।
