रिसर्च-इनोवेशन का ग्लोबल सेंटर बनेगा भारत : पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद में शनिवार को सेंटर-स्टेट साइंस कॉन्क्लेव का वर्चुअली उद्घाटन किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि जब ज्ञान-विज्ञान से हमारा परिचय होता है तब संसार की सभी संकटों से मुक्ति का रास्ता अपने आप खुल जाता है। सॉल्यूशन और इनोवेशन का आधार विज्ञान ही है। इसी प्रेरणा से आज का नया भारत जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान के साथ ही जय अनुसंधान का आह्वान करते हुए आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के इस अमृतकाल में भारत को रिसर्च और इनोवेशन का ग्लोबल सेंटर बनाने के लिए हमें एक साथ अनेक मोर्चों पर काम करना है। अपनी साइंस और टेक्नॉलॉजी से जुड़ी रिसर्च को हमें लोकल स्तर पर लेकर जाना है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विज्ञान आधारित विकास की सोच के साथ काम कर रही है। 2014 के बाद से साइंस और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में निवेश में काफी वृद्धि की गई है। सरकार के प्रयासों से आज भारत इंटरनेशनल इनोवेशन इंडेक्स में 46वें स्थान पर है, जबकि 2015 में भारत 81 नंबर पर था।
उन्होंने आगे कहा कि 21वीं सदी के भारत के विकास में विज्ञान उस ऊर्जा की तरह है जिसमें हर क्षेत्र के विकास को, हर राज्य के विकास को गति देने का सामर्थ्य है। आज जब भारत चौथी औद्योगिक क्रांति का नेतृत्व करने की तरफ बढ़ रहा है तो उसमें भारत की विज्ञान और इस क्षेत्र से जुड़े लोगों की भूमिका बहुत अहम है। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमें अपने वैज्ञानिकों की उपलब्धियों का जश्न मनाना चाहिए। जब हम वैज्ञानिकों और उनके नवाचारों का जश्न मनाते हैं तो विज्ञान हमारी संस्कृति का हिस्सा बन जाएगा। विज्ञान आधारित विकास के विजन के साथ हमारी सरकार आगे बढ़ रही है। हमें इस अमृत काल में भारत को अनुसंधान और नवाचार का वैश्विक केंद्र बनाना है, राज्यों को अन्य राज्यों से सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाना चाहिए। यह देश में विज्ञान आधारित विकास कार्यक्रमों का समय पर और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की दिशा में एक कदम होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.