पीएम मोदी ने 36वें राष्ट्रीय खेलों का किया उद्घाटन

अहमदाबाद। भारतीय खेलों का सबसे बड़ा आयोजन गुजरात में शुरू हो गया। अहमदाबाद में 36वें नेशनल गेम्स का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया। गुरुवार 29 सितंबर को विश्व के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पीएम मोदी ने खेलों का उद्घाटन करते हुए करीब 2 हफ्ते तक चलने वाले खेलों में हिस्सा ले रहे सात हजार एथलीटों का उत्साहवर्धन भी किया।
मोदी ने कहा कि खेलों की सॉफ्ट पावर देश की छवि को बेहतर बनाती है। पीएम ने कहा कि खेल के मैदान में खिलाड़ियों की जीत, उनका दमदार प्रदर्शन,  अन्य क्षेत्रों में देश की जीत का भी रास्ता बनाता है। खेलों की सॉफ्ट पावर  देश की पहचान को,  देश की छवि को कई गुना ज्यादा बेहतर बना देती है। पीएम मोदी ने मैदान में मौजूद दर्शकों और खिलाड़ियों के साथ मिलकर जुड़ेगा इंडिया, जीतेगा इंडिया के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि ये शब्द,  ये भाव आज आसमान में गूंज रहे हैं। आपका उत्साह आपके चेहरों पर चमकर रहा है। इतना ही नहीं,  पीएम मोदी ने साथ ही खिलाड़ियों से गुजरात की संस्कृति का आनंद उठाने का भी सुझाव दिया। पीएम ने नवरात्रों और गुजरात के मशङूर गरबा उत्सव की बात करते हुए कहा कि गुजरात में माँ दुर्गा की उपासना से लेकर गरबा तक, यहां की अपनी अलग ही पहचान है। जो खिलाड़ी दूसरे राज्यों से आए हैं उनसे मैं कहूंगा कि खेल के साथ ही यहां नवरात्रि आयोजन का भी आनंद जरूर लीजिये।
विदित हो कि गुजरात में पहली बार नेशनल गेम्स का आयोजन हो रहा है। खास बात ये है कि इन गेम्स का आयोजन ही सात साल के इंतजार के बाद हो रहा है। इन गेम्स में इस बार देश के 28 राज्यों के अलावा 8 केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 7 हजार खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। खेलों का आयोजन गुजरात के 6 शहरों में होगा। सिर्फ साइकिलिंग के मुकाबले दिल्ली में आयोजित होंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.