“रफ्तार से चलेगा बिहार, जब फिर आएगी एनडीए सरकार” : मोदी
बेगूसराय। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेगूसराय की धरती पर बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह के समय इलाके में हुई औद्योगिक प्रगति को याद करते हुए श्लोगन दिया “रफ्तार से चलेगा बिहार, जब फिर आएगी एनडीए सरकार”।
श्री मोदी ने आज जनसमूह को संबोधित करते हुए बेगूसराय के गौरव राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर और शहर की बहू शारदा सिन्हा को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके गाये हुए छठ पूजा के गीत अमर है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने ही उन्हें पहले पदम् भूषण तथा बाद में पदम् विभूषण पुरस्कार से नवाजा था। उन्होंने बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह को याद करते हुए कहा कि उनके विजन से बेगूसराय एक समय देश का प्रमुख औद्योगिक शहर बन गया था और यहां बरौनी तेल शोधक कारखाने के साथ खाद का भी कारखाना लगाया गया। उन्होंने कहा कि बाद के दिनों में कांग्रेस,-राजद सरकार की उपेक्षा से खाद का कारखाना जर्जर हो गया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में पीएम ऊर्जा गंगा योजना बना कर बंगाल से इस कारखाने के लिए पाइप लाइन से गैस उपलब्ध कराई गई।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के बाद न केवल यह कारखाना पुनः जीवित हो उठा, बल्कि इससे प्रदेश के घरों में भी पर्याप्त गैस उपलब्ध होना शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बरौनी तेलशोधक कारखाने में भी नया निवेश कर श्पेट्रोकेमिकल प्लांट लगाया है जिससे इस इलाके में प्लास्टिक उद्योग का प्रसार होगा। उन्होंने कहा कि बरौनी डेयरी के विस्तार से इस इलाके के पशुपालकों को लाभ हुआ है और धीरे- धीरे बेगूसराय टेक्सटाइल हब के रूप में भी विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन नए परिवर्तनों से बेगूसराय में नौजवानों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेगूसराय ही नही “रफ्तार से चलेगा बिहार, जब फिर आएगी एनडीए सरकार”।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि भाजपा के अध्यक्ष दिलीप जायसवालए दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा विजय सिन्हा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजग के घटक दल के अन्य नेताओं के साथ निरंतर बिहार की प्रगति के बारे में सोचते हैं, वहीं राजद-कांग्रेस और उनके नेता सिर्फ अपने परिवार का भला सोचते हैं । उन्होंने कहा कि राजद के प्रमुख नेता के परिवार के ज्यादातर लोग चोरी और भ्रष्टाचार के मामले में जमानत पर हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी ही हालत कांग्रेस के शीर्ष परिवार की भी है। उनके सदस्य भी भ्रष्टाचार के मामलों में जमानत पर हैं।
श्री मोदी ने कहा कि राजग जहां आपसी तालमेल से आगे बढ़ रहा है, वहीं महागठबंधन अब लठबंधन बन गया है जिसके सदस्य एक दूसरे के साथ भटक, अटक, लटक, झटक और पटक का खेल खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजद ने झारखंड मुक्ति मोर्चा को अटका दिया, राजद ने पिछलग्गू कांग्रेस को पटक दिया, सबने मिल कर विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को अटका दिया। उन्होने कहा कि ये स्वार्थ से जुड़े लोग हैं जो टिकट बेंचते हैं, घोटाले करते हैं, और प्रदेश से पहले अपने परिवार की सोचते हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग नौकरी के बदले जमीन लेते हैं वो युवाओँ का भला नही कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजेंद्र पुल के बगल में छह लेन के पुल बनने से उत्तर बिहार,दक्षिण बिहार का संपर्क बेहतर हुआ है। उन्होंने कहा कि 74 साल से यह इलाका अकेले राजेन्द्र पुल के भरोसे था लेकिन अभी पुलों का जाल बना है जिसने महत्वपूर्ण मुंगेर, खगड़ियाए,बेगूसराय श्रीकृष्ण पुल भी शामिल है। श्री मोदी ने कहा कि वह स्वयं गरीब परिवार से हैं और उनका दर्द समझते हैं। उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने देश भर में गरीबों के लिए अनाज, चिकित्सा, शौचालय आदि की व्यवस्था कर उन्हें सम्मानजनक जिंदगी देने का प्रयास किया है।उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने गरीबी के लिए 4 करोड़ पक्के मकान बनाये हैं जिनमे से 60 लाख बिहार के गरीबों को दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजद-कांग्रेस की सरकार दलित और गरीब विरोधी है। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सीताराम केसरी को उनकी पुण्यतिथि पर याद किया और कहा कि श्री केसरी को कांग्रेस के लोगों ने पहले बाथरुम में बंद कर दिया था और उसके बाद फुटपाथ पर फेंक दिया था। श्री मोदी ने अपने भाषण में बिहार में चल रहे विकास कार्यो को याद दिलाया, महिला सशक्तिकरण के लिए प्रदेश में नीतीश कुनार के प्रयासो की सराहना की और खास कर मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत एक 21 लाख महिलाओँ के खाते में भेजे गए दस हजार रुपये को भी याद दिलाया। उन्होंने जीएसटी की दर घटने से जनता में आई खुशहाली की बात भी कही। उन्होंने कहा कि देश मे इस समय स्वदेशी की लहर चल रही है। देश मे 90 प्रतिशत खरीद स्वदेशी हो रही है जिससे किसानों, कारीगरोंए बुनकरों और उद्योग धंधे से जुड़े लोगों को रोजगार मिल रहा है।उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि मोदी के संदेशवाहक बन कर घर-घर जाएं और लोगो से राजग के पक्ष में मतदान का आग्रह करें।
