बिविस चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 11 को
122 विधान सभा क्षेत्रों में लोग करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
पटना। बिहार विधानसभा की 122 सीटों पर दूसरे और अंतिम चरण में 11 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए नौ नवंब से प्रचार का शोर थम गया। दूसरे और अंतिम चरण में जिन विधानसभा क्षेत्रों में मतदान कराया जाएगा उनमें वाल्मिकी नगर, रामनगर (सुरक्षित), नरकटियागंज, बगहा, लौरिया. नौतन, चनपटिया, बेतिया,सिकटा, रक्सौल, सुगौली, हरसिद्धि (सुरक्षित), गोविंदगंज, केसरिया, कल्याणपुर, पिपरा, मधुबन, मोतिहारी, चिरैया, ढाका, शिवहर, रीगा, बथनाहा (सुरक्षित), परिहार, सुरसंड, बाजपट्टी, सीतामढी, रुन्नीसैदपुर, बेलसंड, हरलाखी, बेनीपट्टी, खजौली, बाबूबरही, बिस्फी, मधुबनी, राजनगर (सुरक्षित), झंझारपुर, फुलपरास, लौकहा, निर्मली, पिपरा, सुपौल, त्रिवेणीगंज (सुरक्षित), छातापुर, नरपतगंज, रानीगंज (सुरक्षित), फारबिसगंज, अररिया, जोकीहाट, सिकटी, बहादुरगंज, ठाकुरगंज, किशनगंज,कोचाधामन, अमौर, बायसी, कसबा, बनमनखी (सुरक्षित), रुपौली, धमदाहा, पूर्णिया, कटिहार,कदवा, बलरामपुर, प्राणपुर, मनिहारी (सुरक्षित), बरारी, कोढ़ा(सुरक्षित, बिहपुर, गोपालपुर, पीरपैंती (सुरक्षित), कहलगांव, भागलपुर, सुलतानगंज, नाथनगर,अमरपुर, धोरैया (सुरक्षित) बांका, कटोरिया (सुरक्षित), बेलहर, रामगढ, मोहनिया (सुरक्षित), भभुआ, चैनपुर, चेनारी (सुरक्षित), सासाराम, करगहर, दिनारा, नोखा, डेहरी, काराकाट, अरवल, कुर्था, जहानाबाद, घोसी, मखदुमपुर (सुरक्षित), गोह, ओबरा, नबीनगर, कुटुम्बा (सुरक्षित), औरंगाबाद, रफीगंज, गुरुआ, शेरघाटी, इमामगंज (सुरक्षित), बाराचट्टी (सुरक्षित), बोधगया (सुरक्षित), गया टाउन, टिकारी, बेलागंज, अतरी, वजीरगंज, रजौली (सुरक्षित), हिसुआ, नवादा, गोबिंदपुर, वारसलिगंज, सिकंदरा (सुरक्षित), जमुई झाझा और चकाई शामिल है।
दूसरे चरण के चुनाव में राजग के घटक भाजपा ने 53, जदयू ने 44, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 15, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) ने 04 प्रत्याशी और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने छह प्रत्याशी अखाड़े में उतारे हैं। वहीं महागठबंधन के घटक राजद ने 71, कांग्रेस ने 36, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने आठ, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी माक्सर्ववादी लेनिनवादी (भाकपा माले) ने 06, भारतीय कम्युनिट पार्टी (भाकपा) ने चार और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने एक उम्मीदवार खड़े किए है। मोहिनियां सुरक्षित सीट पर राजद ने श्वेता सुमन को चुनावी दंगल में उतारा था, लेकिन उनका नामांकन रद्द हो गया। राजद ने यहां निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व सासंद छेदी पासवान के पुत्र रवि शंकर पासवान को समर्थन दिया है। वहीं सुगौली सीट पर मुकेश सहनी की पार्टी विकासशील इंसान पार्टी के उम्मीदवार शशि भूषण सिंह का नामांकन रद्द हो गया था। वीआईपी ने यहां राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के पुत्र तेज प्रताप यादव की पार्टी जन शक्ति जनता दल के उम्मीदवार श्याम किशोर भारती को समर्थन दिया है। प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज ने 120 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारे हैं।
इन 122 विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे चरण के मतदान में 45,399 मतदान केंद्र पर तीन करोड़ 70 लाख 13 हजार 556 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 136 महिला और 1165 पुरुष प्रत्याशी और एक अन्य समेत कुल 1302 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में बंद कर देंगे। मतदाताओं में एक करोड़ 95 लाख 44 हजार 41 पुरुष, एक करोड़ 74 लाख 68 हजार 572 महिला और 943 थर्ड जेंडर शामिल हैं। दूसरे चरण के चुनाव में सबसे अधिक 22 उम्मीदवार चैनपुर, सासाराम और गया टाउन में वहीं लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, सुगौली, त्रिवेणीगंज और बनमंखी में सबसे कम पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं।
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों में से 121 सीटों पर प्रथम चरण के तहत 06 नवंबर को चुनाव संपन्न हो गया है, वहीं दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा जिसमें 122 सीटों के लिए मतदान कराया जायेगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी। इस विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
