खेला शेष, अब विकास आरंभ होवे: पीएम मोदी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ने कहा कि दीदी कहती रहती हैं कि खेला होबे! पूरा बंगाल कह रहा है कि खेला शेष होबे, विकास आरंभ होबे! उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में तृणमूल सरकार ने हर वो काम किया जो यहां रोज़गार और स्वरोज़गार के अवसरों को रोकने वाला था। तृणमूल के वसूली गिरोहों, सिंडिकेट के कारण अनेक पुराने उद्योग बंद हो गए। यहां सिर्फ एक ही उद्योग चलने दिया गया है माफिया उद्योग।

पीएम मोदी ने कहा कि हम सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ काम कर रहे लेकिन पश्चिम बंगाल में दीदी विकास की हर योजना के सामने दीवार बनकर खड़ी हो गई हैं। आपने दीदी पर भरोसा किया लेकिन दीदी ने आपको दुर्नीति दी। आपके साथ विश्वासघात किया। देश निरंतर सिंगल विंडो सिस्टम की तरफ बढ़ रहा है लेकिन पश्चिम बंगाल में एक अलग तरह का सिंगल विंडो सिस्टम बना दिया गया है। ये सिंगल विंडो है भाइपो विंडो। पश्चिम बंगाल में इस विंडो से गुज़रे बिना कुछ नहीं हो सकता।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल ने पिछले 70 साल में कांग्रेस के कारनामे देखे हैं। वामदल की बर्बादी को अनुभव किया है और टीएमसी ने आपके सपनों को कैसे चूर-चूर किया यही देखा है। हमें 5 साल का मौका दीजिए, 70 साल की बर्बादी को मिटाकर रहेंगे। कल व्हाट्सएपए इंस्टाग्राम और फेसबुक 50-55 मिनट तक डाउन रहे, हर कोई चिंतित हो गया लेकिन बंगाल में विकास और सपने 50-55 साल से डाउन हैं। पहले कांग्रेस, फिर वामपंथी और अब टीएमसी ने राज्य के विकास को अवरुद्ध कर दिया है।       प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि शहरों में रेहड़ी-ठेला चलाने वाला गरीब पूछ रहा है कि उनको पीएम स्वनिधि के तहत आर्थिक मदद सही से क्यों नहीं मिली । आज बंगाल की बहनें पूछ रही हैं कि हर घर जल पहुंचाने के लिए टीएमसी सरकार को जो पैसा दिया था वो पैसा तिजोरी में रखकर क्यों बैठ गईं। अरे दीदी आपको मोदी को क्रेडिट नहीं देना था तो मत दीजिए, लेकिन आप गरीब के पेट पर लात क्यों मार रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि दीदी से पश्चिम बंगाल के लोग 10 साल का हिसाब मांग रहे हैं। एम्फान चक्रवात का हिसाब मांगो तो दीदी गुस्सा!, राशन चोरी का जवाब मांगो तो जेल में डाल दिया जाता है! कोयला घोटाले पर जवाब मांगो तो पुलिस से डंडे मरवाए जाते हैं! केंद्र सरकार की तरफ से बीते वर्षों में बंगाल के लिए 33 लाख पक्के घर स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से लाखों घर अब भी पूरे नहीं हो पाए हैं। दीदी को लगता है कि इन सब योजनाओं का फायदा लोगों को होगा तो वो मोदी को आशीर्वाद देंगे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.