पीएम मोदी ने तोड़ा नेहरू का रिकार्ड

देश के सबसे लंबे समय तक लगातार रहे हैं निर्वाचित प्रधानमंत्री

नई दिल्ली। भारतीय राजनीति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक नया इतिहास रच दिया। लगातार तीसरी बार देश की कमान संभाल रहे पीएम मोदी अब भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का 73 साल पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। नेहरू ने 13 मई 1952 से लगातार 4398 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया था, जबकि नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद अब 4399 दिन पूरे कर लिए हैं।
अनेक देशों के शीर्ष नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी है। इन नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के देश में बदलाव लाने वाले शासन, ग्लोवल साउथ की वकालत और समावेशी तथा आर्थिक रूप से गतिशील भारत के उनके विज़न की भी सराहना की है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को बताया कि श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने सोमवार को प्रधानमंत्री को लिखे एक पत्र में श्रीलंका की सरकार और लोगों की ओर से उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल आपके अनुभव का प्रमाण है, बल्कि उस भरोसे और विश्वास का भी सबूत है जो दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के लोगों ने बार-बार आपके नेतृत्व में जताया है। राष्ट्रपति ने भारत के उल्लेखनीय आर्थिक और सामाजिक बदलाव पर भी प्रकाश डाला और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विज़न ने भारत की सीमाओं के बाहर भी कई लोगों को प्रेरित किया है, जिसमें श्रीलंका भी शामिल है। पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने एक निजी वीडियो संदेश में श्री मोदी को एक रोल मॉडल और नेतृत्व का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि आज 20 करोड़ से ज़्यादा लोगों को गरीबी से निकालकर बेहतर जीवन देना एक अद्भुत उपलब्धि है। प्रधानमंत्री मारापे ने पापुआ न्यू गिनी की गहरी दोस्ती और द्विपक्षीय संबंधों को और मज़बूत करने की इच्छा व्यक्त की।
त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद.बिसेसर ने इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मामलों में एक प्रमुख आवाज़ बनकर उभरा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साधारण शुरुआत से लेकर तीन बार 1.4 अरब लोगों वाले देश का नेतृत्व करने तक के सफ़र का ज़िक्र किया और विदेश नीति, आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचे और सामाजिक.आर्थिक विकास में भारत की अहम उपलब्धियों पर ज़ोर दिया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.