बैंकों में 15 मई तक चार घंटे ही होगा काम
नई दिल्ली । कोरोना की दूसरी लहर ने भयानक तबाही मचाई है। इससे बचने के तमाम कोशिशें की जा रही हैं। संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य स्तरीय बैंकर समिति ने निर्णय लिया है कि 15 मई तक बैंकों में कामकाज की अवधि दो घंटे घटाकर 10 बजे से दो बजे तक होगा। इसके साथ ही इस संकट के समय में सिर्फ जमा, नकदी निकासी, चेक क्लीयरिंग एवं सरकारी लेनदेन जैसी न्यूनतम बैंकिंग सेवाएं ही बैंक शाखाओं में दी जाएंगी। बैंक में सिर्फ 50% कर्मचारियों को ही आने की अनुमति दी गई है। अगर जिला प्रशासन कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए कोई नया आदेश जारी करता है तो उसका ऑर्डर सबसे ऊपर माना जाएगा।
कोरोना संक्रमण के केसों में अप्रत्याशित वृद्धि को देखते हुए भारतीय बैंक संघ (IBA) ने बैंकों को सलाह दी है कि वे सुबह 10 से दोपहर 2 बजे के बीच काम करें। भारतीय बैंक संघ (आईबीए) ने बैंक कर्मियों की सुरक्षा के मुद्दे पर राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) के संयोजकों से कहा कि वह संबंधित राज्यों में व्याप्त कोविड-19 की स्थिति और जरूरतों के मुताबिक बैंक शाखाओं की मानक परिचालन प्रक्रिया (एसओपी)में सुधार कर सकते हैं। इस संबंध में निर्णय आईबीए की 21 अप्रैल 2021 को हुई विशेष प्रबंधन समिति की बैठक में लिया गया।
आईबीए के सीईओ सुनील मेहता ने बैंक प्रमुखों को लिखे एक पत्र में कहा हम एसएलबीसी के संयोजकों को अलग से यह सुझाव दे रहे हैं कि वह सीएमओ सहित राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अलग से एक बैठक बुलाएं और अपने अपने राज्यों में बन रही ताजा स्थिति पर विचार विमर्श करने के बाद बैंकों को परामर्श जारी करें। इसमें कहा गया है कि यह समझा जाता है कि समूची प्रणाली के लिए स्थानीय स्तर पर दी जाने वाली सलाह अधिक व्यवहारिक और उपयोगी साबित होगी।
