सरकार बैंक कर्मचारियों की मांगों का समाधान निकालने को प्रतिबद्ध

नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बैंक कर्मियों को आश्वासन दिया है कि सरकार उत्पादकता आधारित प्रोत्साहन सहित उनकी हर मांगो और मु्द्दों का बातचीत के जरिए समाधान निकालने की तैयार है। श्रीमती सीताराम ने भारतीय मज़दूर संघ के नेतृत्व में विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल से यहां मुलाकात की।
वित्त मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार प्रतिनिधिमंडल ने बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े कई मुद्दे उठाए जिनमें एक्स.ग्रेशिया (अनुग्रह राशि) की समीक्षा, रिटायर हो चुके कर्मचारियों के लिए मेडिकल सुविधा, सरकारी क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारियों के लिए लागू परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) स्कीम के मौजूदा ढांचे पर फिर से विचार करना और कर्मचारियों से जुड़ी अन्य चिंताएं शामिल थीं। विज्ञप्ति के अनुसार वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार बैंक कर्मचारियों, ग्राहकों और बैंकिंग क्षेत्र के व्यापक हित में बातचीत, सलाह-मशविरे और आपसी समझ के ज़रिए मुद्दों को सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बातचीत में वित्त मंत्री ने बैंक कर्मचारियों द्वारा व्यक्त चिंताओं पर ध्यान दिया । पीएलआई के मौजूदा ढांचे के संबंध में मिले सुझावों/मांगों के जवाब में यह तय किया गया कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 19.11.2024 की पीएलआई स्कीम को अभी लागू नहीं किया जाएगा और इस पर चल रही द्विपक्षीय समझौते या संयुक्त नोट की बातचीत के दौरान चर्चा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि बैंकों की यूनियनों के एक वर्ग ने अपनी मां को लेकर 11 सितंबर को बैंक हड़ताल की घोषणा की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.