भाजपा के साथ बंगाल की जनता खेल कर देगी  : ममता


कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर जहां सरगर्मियां बढती जा रही है वहीं आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। पूर्व मेदिनीपुर के कांथी में बुधवार को रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ममता बनर्जी की सरकार के हिसाब को लेकर सवाल उठाए जाने पर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को पलटवार करते हुए दक्षिण 24 परगना की एक रैली में पूछा कि क्या मैं चोर हूं, क्या मैंने पैसे खाए हैं, ममता बनर्जी ने इस दौरान कहा कि भाजपा के साथ बंगाल की जनता खेल कर देगी।
दक्षिण 24 परगना के पाथर प्रतिमा में एक रैली को संबोधित करते हुए टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने पीएम मोदी के एक बयान पर हमला बोला है। ममता बनर्जी ने कहा कि केंद्र सरकार पैसा नहीं दे रही है और पीएम हिसाब मांग रहे हैं। ममता बनर्जी ने आगे कहा कि पीएम मोदी पहले बताएं कि पीएम केयर फंड का पैसा कहां है।  टीएमसी सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा की सरकार भेल, गेल, रेल और एयरपोर्ट सब बेच दी है। बंगाल की जनता इस बार भाजपा को सबक सीखा देगी। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मीडिया को धमका रहे हैं और टीएमसी को सर्वे में कम सीटें दिखाने का दबाव बना रहे हैं। एक सर्वे में भाजपा को 175 सीटें दिखाई गई हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा पहले 75 सीटें जीते और बाद में 175 सीटें जीतने का सपना देखे।

सीएम ममता ने मंच से कहा कि अल्पसंख्यक दोस्तों को मैं कहना चाहती हूं कि कांग्रेस और एक नई पार्टी ने भाजपा से डील की है।ममता बनर्जी ने कहा कि फिर से सरकार बनने पर सुंदरवन को नया जिला बनाया जाएगा। हम भाजपा की तरह दंगाबाज पार्टी नहीं है, हम विकास में विश्वास करते हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि एम्फन के वक्त केंद्र ने कोई मदद नहीं की, ना ही भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कोई मदद की। हमने तूफान के वक्त 19 लाख लोगों की जान बचाई। पीएम मोदी ने सिर्फ पैसा देने का वादा किया, लेकिन पैसा मिला नहीं। बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने एक बार फिर यहां मंच पर चंडी पाठ किया और भाजपा पर निशाना साधा। इससे पहले भी ममता बनर्जी कई मंचों पर चंडी पाठ करती हुई नज़र आ चुकी हैं जिसको लेकर भाजपा भी उनपर तंज कस चुकी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.