देश में मुफ्त वैक्सीन प्रोग्राम चलता रहेगा : मोदी
नई दिल्ली। देश में गहराते जा रहे कोरोना संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर से देश को संबोधित किया। पीएम मोदी ने देशवासियों से मन की बात की। इस दौरान पीएम मोदी ने कोरोना की दूसरी लहर से उपजे संकट को लेकर देशवासियों से बात की है। उन्होंने कहा कि देश संकट की घड़ी से गुजर रहा है। उन्होंने देश में कोरोना महामारी से उपजे हालात और वैक्सीन से जुड़ी कई अहम बातें की।उन्होंने कहा कि देश में मुफ्त वैक्सीन का कार्यक्रम चलता रहेगा।
पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा कि आज मैं आपसे मन की बात एक ऐसे समय कर रहा हूं जब कोरोना हम सभी के धैर्य, हम सभी के दुख बर्दाश्त करने की सीमा की परीक्षा ले रहा है। बहुत से अपने हमें असमय छोड़कर चले गए। पीएम मोदी ने कहा कि कोविड-19 की पहली लहर से सफलतापूर्वक निपटने के बाद देश का मनोबल ऊंचा था लेकिन इस तूफान ने देश को हिला दिया है। कोविड की इस लहर से निपटने के लिए मैंने कई क्षेत्रों जैसे फार्मा उद्योग, ऑक्सीजन उत्पादन आदि के विशेषज्ञों के साथ बैठकें की हैं। पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे संकट के समय में वैक्सीन की अहमियत का पता चल रहा है। मेरा आग्रह है कोरोना वैक्सीन को लेकर किसी अफवाह में न आएं।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत सरकार वर्तमान कोविड की स्थिति से निपटने के लिए राज्य सरकारों के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित है। मैं आप सभी से कोविड के बारे में विश्वसनीय स्रोतों से ही जानकारी लेने की अपील करता हूं। मैं देख रहा हूं कि कई डॉक्टर कोविड पर जानकारी साझा करने के लिए सोशल मीडिया पर गए हैं और परामर्श भी दे रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इस समय हमें इस लड़ाई को जीतने के लिए मगचमतजे और वैज्ञानिक सलाह को प्राथमिकता देनी है। मैं आप सबसे आग्रह करता हूं, आपको अगर कोई भी जानकारी चाहिए हो, कोई और आशंका हो तो सही सोर्स से ही जानकारी लें। आपके जो फैमली डॉक्टर हो, आस-पास के डॉक्टर हों, आप उनसे फोन से संपर्क करके सलाह लीजिए। उन्होंने कहा कि मेरा राज्यों से भी आग्रह है कि वो भारत सरकार के इस मुफ्त वैक्सीन अभियान का लाभ अपने राज्य के ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाएं। पीएम मोदी ने कहा कि जैसे आज हमारे मेडिकल फील्ड के लोग, फ्रंटलाइन वर्कर्स दिन-रात सेवा कार्यों में लगे हैं। वैसे ही समाज के अन्य लोग भी इस समय पीछे नहीं हैं। देश एक बार फिर एकजुट होकर कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। पीएम मोदी ने साथ ही कहा कि इस बार गांवों में भी नई जागरूकता देखी जा रही है। कोविड नियमों का सख्ती से पालन करते हुए लोग अपने गांव की कोरोना से रक्षा कर रहे हैं, जो लोग, बाहर से आ रहे हैं उनके लिए सही व्यवस्थायें भी बनाई जा रही हैं।
