चक्रवात तौकते ने केरल में दिखाया असर

कोझिकोड, केरल। चक्रवात तौकते का असर केरल में दिखने लगा है। केरल में आज काफी तेज बारिश हुई। यहां शनिवार को मूसलाधार बारिश होने और तेज हवाएं चलने से सैकड़ों मकान क्षतिग्रसित हो गए। इस दौरान कई पेड़ उखड़ गए। केरल में इस तेज बारिश के कारण बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने से तटीय इलाकों में जनजीव प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक केरल के पांच जिलों में मल्लपुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड में भारी बारिश की आशंका के कारण रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि केरल के अलप्पुझा, कोट्टयम,  इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर,  पलक्कड़, मलप्पुरम,  कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में एक या दो जगहों पर 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ बारिश की संभावना है। इसके अलावा मध्य और उत्तरी जिलों में ऊंचे और तटीय इलाकों में पिछले 24 घंटों में काफी नुकसान पहुंचा है। कई प्रमुख नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ने पर अधिकारियों ने तट पर रह रहे लोगो को चेतावनी दी है। पर्वतीय जिले इडुक्की में कलारकट्टी, मलांकरा और भूथाथंकेट बांध के द्वार खुले हैं। राज्य में कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए हैं। कई मकान और वाहनों पर पेड़ गिरे हैं। इस कारण यातायात भी बाधित हुआ है। राज्य के कई इलाकों में समुद्र में ऊंची लहरें उठने से व्यापक नुकसान हो रहा है। मौसम की जानकारी देने वाली एजेंसी स्कायमेट वेदर ने अनुमान लगाया है कि अगले 48 घंटों में केरल, कर्नाटक और कोंकण में गंभीर मौसम स्थिति तैयार हो सकती है। अरब सागर से उठता चक्रवात तौकते विकराल रूप लेता जा रहा है। इसके मद्देनजर प्रशासन और सुरक्षा दल सतर्क हैं। एनडीआरएफ ने हालात की गंभीरता को देखते हुए 53 टीमों की तैनाती की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.