विपक्ष के हंगामे के बीच कई विधेयक पारित
नई दिल्ली। पेगासस जासूसी कांड की जांच की मांग को लेकर विपक्षी दलों का हंगामा जारी रहा। मॉनसून सत्र के 9वें दिन भी विपक्ष के हंगामें के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही को सुचारू रूप से नहीं चलाया जा सका। भारी हंगामें के चलते लोकसभा और राज्यसभा को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। विपक्ष ने साफ कर दिया है कि जब तक सरकार चर्चा के लिए राजी नहीं होगी तब तक संसद का संग्राम ठप नहीं होगा। वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद में हंगामा करने वाले सांसदों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा ही होता रहा तो सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई करनी होगी। सरकार ने लोकसभा में दो और राज्यसभा में एक विधेयक पारित कर यह साफ संदेश दे दिया है कि विपक्ष के दबाव की उसे परवाह नहीं।
लोकसभा में भारी हंगामें के बीच द एयरपोर्ट्स इकनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (संशोधन) विधेयक और फैक्टर विनियमन (संशोधन) विधेयक 2021 पारित हो गया है। विपक्ष के हंगामें के बीच कोकोनट डेवलपमेंट बोर्ड (संशोधन) विधेयक 2021 भी राज्यसभा में पारित हो गया। राज्यसभा को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
