कोश्‍यारी ने राहुल गांधी को लिया निशाने पर

नई दिल्‍ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने अपनी पुस्तक भारतीय संसद में भगत सिंह कोश्यारी के विमोचन के मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।
कोश्‍यारी ने इस खास मौके पर आरएसएस और काली टोपी का किस्‍सा सुनाकर राहुल गांधी पर तंज कसा। कोश्‍यारी ने कहा कि राहुल गांधी मानते हैं कि उत्‍तराखंड की पारंपरिक काली टोपी जो वो पहनते हैं वह आरएसएस से जुड़ी है। उन्‍होंने कहा कि राहुल गांधी का मानना है कि हिंदुत्‍व के विचारक वीर सावरकर संघ से थे। उन्‍होंने कहा कि संसद में पिछले सत्र के दौरान, जिस तरह का माहौल देखने को मिला उसे देखने के बाद सरकार को इसके लिए तैयार रहना चाहिए।
पुस्‍तक विमोचन के दौरान भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि बहुत से लोग काली टोपी देखकर उसी तरह की प्रतिक्रिया देते हैं जैसे एक बैल को लाल कपड़ा दिखाने पर होती है। उन्‍होंने कहा कि जब वह सांसद थे तब एक बार राहुल गांधी ने उनसे पूछा था कि आप काली टोपी क्‍यों पहनते है। मैंने  उनसे कहा कि उत्‍तराखंड के लोग इस टोपी को पहनते हैं। इस पर राहुल गांधी ने कहा. नहीं आप आरएसएस से हैं इसलिए ये टोपी पहनते हैं। मैंने उनसे कहा कि मैं आरएसएस से हूं लेकिन टोपी उत्‍तराखंड की है। मैंने उन्‍हें बताया कि आरएसएस की स्थापना से पहले से लोग इसे वहां पहनते आ रहे हैं। कोश्‍यारी ने बताया कि कुछ महीनों बाद राहुल गांधी ने संसद में सांसदों के साथ बातचीत के दौरान फिर से वही सवाल किया। उन्‍होंने मुझसे फिर पूछा कि आप काली टोपी क्‍यों पहनते हैं। ये तो आरएसएस की टोपी है। मैंने उनसे कहा कि पिछली बार भी मैंने कहा था कि यह आरएसएस की टोपी नहीं है। इसके बाद मैंने उनसे पूछा कि क्‍या उन्‍होंने आरएसएस के बारे में पढ़ा है। इस पर राहुल गांधी ने कहा,  हां क्‍यों नहीं। मैंने सावरकर के बारे में पढ़ा है। भगत सिंह कोश्‍यारी ने कहा जब संसद में ऐसे लोग नेतृत्‍व में होंगे तो आप लोगों को हंगामे और हर चीज के लिए तैयार रहना चाहिए।
पुस्तक भारतीय संसद में भगत सिंह कोश्यारी में याचिका समिति के अध्‍यक्ष के रूप में उनके द्वारा लिए गए कई महत्‍वपूर्ण निर्णयों की रिपोर्ट भी प्रकाशित की गई है। 450 पेज की इस पुस्‍तक में कोश्‍यारी के जीवन से जुड़े कई महत्‍वपूर्ण छायाचित्रों को भी संकलित किया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.