भाजपा नेता राम कदम ने जावेद को लिया निशाने पर
नई दिल्ली। गीतकार और लेखक जावेद अख्तर अपने बयानों के लिए भी जाने जाते हैं। इन बयानबाजी को लेकर कई बार वह ट्रोल भी होते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने ऐसा बयान दे दिया है जिसके बाद वह काफी मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं क्योंकि इस बार उन्होंने सारी हदें पार करते हुए आरएसएस से क्रूर व कट्टर तालिबान की तुलना कर दी है। जावेद के इस वयान के बाद बीजेपी नेता राम कदम ने उन्हें जमकर फटकार लगाई है, साथ ही उनसे मांफी मांगने की बात भी कही है।
दरअसल जावेद अख्तर ने हाल ही में एक इंटरव्यू में तालिबान पर बात करते हुए इस संगठन की तुलना आरएसएस ए विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से कर डाली। इसके बाद से लगातार जावेद के खिलाफ प्रदर्शन और विरोध नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर भी जावेद से जवाब मांगे जा रहे हैं। वहीं भाजपा नेता राम कदम ने इस बारे में वीडियो जारी करते हुए कहा है कि जब तक वह अपने बयान पर माफी नहीं मांगते, तब तक जावेद अख्तर और उनके परिवार से जुड़े सदस्यों की फिल्में देश में रिलीज नहीं होने दी जाएंगी।
राम कदम ने एक वीडियो मैसेज के जरिए जावेद तक अपनी बात पहुंचाई है। उन्होंने वीडियो में कहा कि जावेद अख्तर का यह बयान न केवल शर्मनाक है बल्कि संघ और विश्व हिंदू परिषद के करोड़ों पदाधिकारियों और दुनियाभर में उनकी विचारधारा का पालन करने वाले करोड़ों लोगों के लिए दर्दनाक और अपमानजनक है। इसके आगे उन्होंने धमकी देते हुए जावेद से कहा है कि ये टिप्पणी करने से पहले वह यह तो सोचते कि उसी संघ परिवार से जुड़े हुए लोग आज इस देश की राजगद्दी को चला रहे हैं, राजधर्म का पालन कर रहे हैं। अगर तालिबानी विचारधारा होती तो क्या वे इस प्रकार की बयानबाजी कर पाते। संघ और विश्व हिंदू परिषद के करोड़ों कार्यकर्ताओं से जब तक जावेद अख्तर हाथ जोड़कर माफी नही मांगते हैं तब तक उनकी और उनके परिवार की कोई भी फिल्म रिलीज नहीं होने दी जाएगी।
