ममता ने की आरएसएस की तारीफ, विपक्षी हुए हमलावर
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाल ही में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर एक बयान दिया, जिसे लेकर राज्य में सियायत तेज हो गई है। ममता बनर्जी ने परोक्ष रूप से आरएसएस की तारीफ करते हुए कहा कि आरएसएस में सभी लोग बुरे नहीं हैं। उनके इस बयान के बाद कांग्रेस से लेकर सीपीआई (एम) और एआइएमआइएम तक कई विपक्षी पार्टी उन पर हमलावर हो गई है। विपक्ष ने उन्हें अवसरवादी बता दिया है।
गौरतलब है कि बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा कि आरएसएस पहले इतना बुरा नहीं था। मैं नहीं मानती कि वे बुरे हैं। आरएसएस में कई अच्छे लोग हैं और वे भाजपा का समर्थन नहीं करते। इस बयान के आने के बाद ऑल इंडिया मजलिस-ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने ममता बनर्जी के खिलाफ हमला बोल दिया है। उन्होंने कहा कि 2003 में भी उन्होंने आरएसएस को देशभक्त बताया था और बदले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने उन्हें दुर्गा कहा था। आरएसएस पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने कहा कि वे हिंदू राष्ट्र चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने गुजरात दंगों के बाद संसद में भाजपा सरकार का बचाव किया था। एआइएमआइएम प्रमुख ने कहा कि उम्मीद है कि टीएमसी के मुस्लिम चेहरे उनकी ईमानदारी और निरंतरता के लिए उनकी प्रशंसा करेंगे। बता दें कि ओवैसी की पार्टी पिछले विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल में मुस्लिम बहुल निर्वाचन क्षेत्रों में भी एक सीट नहीं जीत पाई थी। उस चुनाव में ओवैसी ने खुद को टीएमसी और बीजेपी दोनों के ही विरोध में खड़ा किया था।
सीपीआइ (एम) ने भी ममता पर निशाना साधते हुए कहा कि वह आरएसएस के लिए दुर्गा की भूमिका निभा रही हैं। सीपीआई (एम) माकपा नेता मोहम्मद सलीम ने कहा कि आरएसएस ने उन्हें दुर्गा कहा और वह आरएसएस के लिए दुर्गा की भूमिका निभा रही हैं। इधर पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रमुख अधीर रंजन चौधरी ने ममता पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है जब ममता बनर्जी ने आरएसएस की तारीफ की है। चौधरी ने कहा कि ममता बनर्जी ने आरएसएस के एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में भाग लिया था। उन्होंने तत्कालीन वाम मोर्चा सरकार को गिराने के लिए उनका समर्थन मांगा था। इससे पहले भी ममता बनर्जी ने उस आरएसएस के प्रति आभार प्रकट किया था जिसे बीजेपी का वैचारिक जनक माना जाता है।
