संदेशखाली मामले पर सुवेंदु और शशि पंजा आमने-सामने

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के संदेशखाली मामले पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। यह मामला थमने का नाम नही ले रहा। इसी कडी में भाजपा जहां एक ओर सच को दबाने का आरोप लगा रही है वहीं दसरी ओर तृणमूल कांग्रेस भाजपा पर झूठ फैलाने का आरोप लगा रही है। स्थिति यह है कि अब तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में चुनाव आयोग से शिकायत की है। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य सरकार में मंत्री शशि पंजा ने कहा कि मनगढ़ंत डराने.धमकाने के इस घृणित कृत्य को बख्शा नहीं जाएगा। इसी बीच मीडिया रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि पीड़िताओं में एक ने शाहजहां शेख के खिलाफ दर्ज शिकायत वापस ले ली है।
तृणमूल कांग्रेस ने गुरुवार को कथित वीडियो का जिक्र कर कहा कि भाजपा के एक स्थानीय नेता ने कई महिलाओं से कोरे कागजों पर हस्ताक्षर कराए। बाद में इसे टीएमसी नेताओं के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतों के रूप में पेश किया गया। इस वीडियो क्लिप के वायरल होने से पहले पार्टी के एक स्थानीय पदाधिकारी ने दावा किया था कि इस प्रकरण के पीछे पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी का हाथ था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तृणमूल नेता शशि पंजा ने कहा कि महिलाएं अब कह रही हैं कि उनसे झूठी शिकायत दर्ज करवाने के लिए कहा गया था। महिलाएं अपनी शिकायत वापस लेना चाहती हैं।
विदित हो कि शनिवार को संदेशखाली में एक स्टिंग ऑपरेशन का वीडियो सामने आया था। इससे विवाद और बढ़ा। स्थानीय टेलीविजन चैनल पर प्रसारित इस कथित वीडियो में गंगाधर कोयल नामक एक व्यक्ति को कहते सुना जा रहा है कि संदेशखाली की महिलाओं का यौन उत्पीड़न नहीं हुआ लेकिन विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी के निर्देश पर उन्हें बलात्कार पीडिता के रूप में पेश किया गया था।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.