कोरोना: लगातार पांच दिन से मृतकों की संख्या 100 से अधिक

नयी दिल्ली।देश में लगातार पांच दिन से कोरोना महामारी से मरने वालों की संख्या 100 से अधिक बनी हुई है। वहीं संक्रमण के नये मामले चौथे दिन भी 16 हजार से अधिक रहे। इस बीच देश में अब तक एक करोड़ 43 लाख एक हजार 266 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान 113 लोगों की मौत से मृतकों की कुल संख्या एक लाख 57 हजार 51 हो गयी है। बुधवार से रविवार तक हर दिन मृतकों की संख्या 100 से अधिक रही है। बुधवार को यह आंकड़ा 104, गुरुवार को 138, शुक्रवार को 120 और शनिवार को 113 लोगों की मौत हुई थी। पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 16,752 नये मामले आये हैं जिससे संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 10 लाख 96 हजार 731 हो गयी है और 11,718 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसे मिलाकर अब तक एक करोड़ सात लाख 75 हजार 169 लोग कोरोनामुक्त हो चुके हैं। सक्रिय मामले 4,921 बढ़कर 1.64 लाख से अधिक हो गये हैं।देश में रिकवरी दर घटकर 97.10 रह गयी है और सक्रिय मामलों की दर बढ़कर 1.48 प्रतिशत हो गयी है जबकि मृत्युदर अभी 1.42 फीसदी है।
महाराष्ट्र कोरोना के सक्रिय मामलों में शीर्ष पर पहुंच गया है और राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक 4924 सक्रिय मामले बढ़ने से इनकी संख्या 73,734 हो गयी है।केरल में पिछले 24 घंटों के दौरान सक्रिय मामले 876 घटकर 50,803 रह गये तथा 4650 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा बढ़कर एक लाख के पार हो गया है जबकि 18 और मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 4182 हो गयी है। कर्नाटक में कोरोना के सक्रिय मामले बढ़कर 5657 हो गये हैं। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 12,326 हो गया है तथा अब तक 9.32 लाख से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं। तमिलनाडु में सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 4036 रह गयी है तथा अभी तक 12,493 लोगों की मौत हुई है।पश्चिम बंगाल में कोरोना के सक्रिय मामले घटकर 3333 रह गये हैं और 10,266 लोगों की मौत हुई है। मध्य प्रदेश में सक्रिय मामले 143 बढ़कर 2666 हो गये हैं तथा अब तक 2.54 लाख से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 3863 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है।गुजरात में सक्रिय मामले 122 बढ़कर 2258 हो गये हैं तथा 4409 लोगों की मौत हुई है और 2.62 लाख से अधिक लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुए हैं।तेलंगाना में सक्रिय मामले 12 बढ़कर 1951 हो गये हैं और 1634 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 2.95 लाख से अधिक लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सक्रिय मामले 76 बढ़कर 1307 हो गये हैं वहीं तीन और मरीजों की मौत होने से मरने वालों की संख्या 10,909 हो गयी है जबकि 6.26 लाख से अधिक मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं।आंध्र प्रदेश में सक्रिय मामले 32 बढ़कर 667 हो गये हैं। वहीं 86 मरीज स्वस्थ हुए जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 8.81 लाख से अधिक हो गयी है जबकि 7169 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।बिहार में सक्रिय मामले घटकर 404 रह गये हैं।
