जम्मू-कश्मीर के विधायकों ने ली शपथ

उमर ने कश्मीरी भाषा में शपथ ली

श्रीनगर। जम्मू.कश्मीर विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों को प्रोटेम विधानसभा अध्यक्ष मुबारक गुल की ओर से सोमवार को शपथ दिलायी गई और इस दौरान मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कश्मीरी भाषा में शपथ ली।सदन के 54 वर्षीय उमर अब्दुल्ला शपथ लेने वाले पहले विधायक थे।
फारूक अब्दुल्ला और उनकी ब्रिटिश पत्नी मोली अब्दुल्ला के बेटे उमर अब्दुल्ला को अक्सर अपनी मूल भाषा न बोल पाने के कारण आलोचना का सामना करना पड़ा है। अब्दुल्ला परिवार की तीसरी पीढ़ी के राजनेता उमर अंग्रेजी में पारंगत हैं लेकिन 1990 के दशक के अंत में राजनीतिक करियर की शुरुआत करते समय हिंदी, उर्दू और कश्मीरी जैसी स्थानीय भाषाओं में उनका भाषा प्रवाह खराब था। हालांकि 2009 से 2014 तक मुख्यमंत्री के रूप में अपने पहले कार्यकाल के दौरान उमर अब्दुल्ला ने इन तीनों भाषाओं में बोलने के कौशल को बेहतर बनाने के लिए इन्हें सीखने का काम किया। इसी क्रम में सोमवार को उन्होंने कश्मीरी भाषा में विधायक पद की शपथ ली। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने अंग्रेजी में शपथ ली। विधायकों का शपथ ग्रहण समारोह छह साल के लंबे विधायी अंतराल का अंत है।किश्तवाड़ से भाजपा विधायक शगुन परिहार सहित 51 लोग पहली बार विधायक बने हैं। विधानसभा में 29 साल की शगुन परिहार सबसे कम उम्र की सदस्य हैं। नेशनल कॉन्फ्रेंस के दिग्गज नेता और चरार-ए-शरीफ से विधायक अब्दुल रहीम राथर (80 साल) सबसे अधिक उम्र के सदस्य हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.