खालिस्तानियों को बढ़ावा दे रही “आप” व पंजाब सरकारः कांग्रेस
नई दिल्ली। कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर खालिस्तानियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। राज्यसभा सदस्य एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजय माकन और पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने सोमवार को संवाददाताओं को संबोधित किया। इस दौरान श्री माकन ने “आप” पर हमला बोलते हुए कहा कि कल अमृतसर में जिस तरह से बाबा साहब की पूर्ति पर हमला किया गया है वह बहुत निंदनीय है, यह संविधान पर हमला है। आज “आप” के पाप की दूसरी कड़ी है।
उन्होंने कहा कि श्री केपीएस गिल ने दो फरवरी 2017 को कहा था कि अगर “आप” की सरकार पंजाब में बनेगी तो आतंकवाद को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में आप सरकार ने डर का माहौल बना दिया है। रात के समय जनता क्या पुलिस ने भी बाहर निकलना छोड़ दिया है। यह सरकार संविधान को भी नहीं मानती। आप सरकार जो राष्ट्रविरोधी है उसे पंजाब और दिल्ली से उखाड़ फेंकना चाहिए। उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए “आप” के घोषणा पत्र को लेकर कहा कि पहले श्री अरविंद केजरीवाल पिछले चुनावों में किए गए वादों पर बात करें।
वहीं श्री रंधावा ने कहा कि श्री केजरीवाल देश को बर्बाद करने का मॉडल लेकर घूम रहे हैं। आज पंजाब में जो कुछ भी हो रहा है सब “आप” की देन है। पन्नू पर हमने केस चलाने की मांग रखी थी। पन्नू ने चुनौती दी थी कि उसने 16 मिलियन डॉलर यानी 128 करोड़ रुपये का फंड दिया था, प्रचार भी किया। हिम्मत है तो हमारे खिलाफ कुछ करके दिखाओ लेकिन उसके खिलाफ न श्री भगवंत मान ने कुछ किया और न केंद्र सरकार ने कुछ किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में जगह-जगह खालिस्तानियों को बढ़ावा मिल रहा है। 31 दिसंबर तक पंजाब के आठ पुलिस थानों पर हथगोले फेंके गये थे। अब इनकी संख्या 11 हो गई है। यह ग्रेनेड ऑस्ट्रियन है और मुम्बई हमले में भी इनका इस्तेमाल हुआ था, लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री ने न कोई संवाददाता सम्मेलन किया और न पुलिस अधिकारियों के साथ कोई बैठक ली। रात के अंधेरे में पुलिस वहां डरकर बैठने लगी है। “आप” सरकार के शासन में राज्य की कानून व्यवस्था के लिए खतरा पैदा हो गया है।
