साल भर में नक्सलवाद को जड़ से समाप्त कर दिया जाएगा : अमित शाह
नई दिल्ली। गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 31 नक्सलियों को ढेर किए जाने को नक्सल मुक्त भारत बनाने की दिशा में एक बडी सफलता बताया और कहा कि साल भर में नक्सलवादी उग्रवादियों को जड़ से खत्म कर दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की कार्रवाई में भारी संख्या में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई है।
गृह मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ” एक्स” पर एक पोस्ट में कहा कि नक्सलवाद को समाप्त करने में आज दो बहादुर जवानों को खोया है यह देश इन वीरों का सदा ऋणी रहेगा। श्री शाह ने शहीद जवानों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर में 31 नक्सलियों को मार गिराया है और यह नक्सल मुक्त भारत बनाने की दिशा में सुरक्षा बलों की एक बडी सफलता है। उन्होंने कहा कि वहां सुरक्षा बलों के ऑपरेशन में भारी संख्या हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है। श्री शाह ने नक्सलवाद को मानवता विरोधी बताया और पुन: यह संकल्प दोहराया कि एकतीस मार्च 2026 से पहले हम देश से नक्सलवाद को जड़ से समाप्त कर देंगे ताकि देश के किसी भी नागरिक को इसके कारण अपनी जान न गंवानी पड़े।
