पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का निधन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने शोक व्यक्त किया

नई दिल्ली। बिहार और जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल तथा मशहूर किसान नेता सत्यपाल मलिक का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद यहां राम मनोहर लोहिया अस्पताल में निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे।
सोशल मीडिया एक्स पर दी गई जानकारी के अनुसार उन्हें गत 11 मई को अस्पताल में संक्रमण की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था। किडनी की समस्या के कारण उनकी अस्पताल में डायलिसिस की जाती थी। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि श्री सत्यपाल मलिक जी के निधन से दुःखी हूं। इस दुःख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। “ओमशांति।”
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने शोक संदेश में कहा कि लोग उन्हें हमेशा ऐसे इंसान के रुप में याद रखेंगे जो आखिरी वक्त तक बिना डरे सच बोलते रहे और जनता के हितों की बात करते रहे। राज्यसभा नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने संदेश में कहा कि वे बेबाकी और निडरता से सत्ता को सचाई का आइना दिखाते रहे। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने शोक जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने कर्मठता और ईमानदारी से किसानों के हितों के लिए लगातार प्रयास किया। आप पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय राजनीति ने एक ऐसा व्यक्तित्व खोया है जो सत्ता के सामने भी सच बोलने का साहस रखता था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.