किसानों की समस्याओं के निपटारे की समय सीमा तय हो : शिवराज
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरूवार को कहा कि कृषि क्षेत्र से जुड़ी सभी शिकायतों के लिए एक ही प्लेटफॉर्म हो और समस्या निपटारे की समय.सीमा निश्चित होनी चाहिए। श्री चौहान यहां किसानों की शिकायतों के समाधान को लेकर समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उर्वरक, बीज, कीटनाशक, पीएम.फसल बीमा योजना, पीएम किसान पोर्टल पर आयी शिकायतों के बारे में जानकारी ली और कहा कि जब तक शिकायतकर्ता किसान पूरी तरह से संतुष्ट ना हो तब तक शिकायत को बंद नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिकायत पर कार्रवाई के बाद किसान को फोन करके पूछना चाहिए कि वह संतुष्ट है या नहीं। यदि कार्रवाई के बाद असंतुष्टि प्रकट हो, तब दोबारा जांच करते हुए शिकायत का निपटारा होना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि शिकायत बहुत समय तक लंबित ना पड़ी रहे इस बात का भी ध्यान रखा जाए। केंद्रीय कृषि मंत्री ने अधिकारियों से ऐसे राज्यों को चिन्हित करने का भी निर्देश दिया जहां से अधिक शिकायतें प्राप्त हो रही हैं और जो राज्य कार्रवाई के मामले में धीमी गति से काम कर रहे हैं ऐसे राज्यों को सूचीबद्ध करके अगली बैठक में उन्हें जोड़ते हुए उनसे प्रतिक्रिया लेने की भी बात हुई। केंद्रीय मंत्री ने शिकायतों के निपटारे में अच्छा काम करने वाले राज्यों और अधिकारियों, कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का उत्साहवर्धन अन्य राज्यों और कर्मचारियों को भी बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करेगा। बैठक में श्री सिंह ने कहा कि कुछ गंभीर शिकायतों के मामले में सीधे मंत्रालय के हस्तक्षेप से समाधान का कदम भी उठाया जा सकता है।
