राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक “एट होम” समारोह का हुआ आयोजन

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस की संध्या पर सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक “एट होम” समारोह का आयोजन किया जिसमें प्रधानमंत्री और विदेशी मेहमानों सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया।
राष्ट्रपति सचिवालय ने बताया कि राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति भवन में 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर “एट होम” रिसेप्शन का आयोजन किया। इसमें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने हिस्सा लिया। इसके अलावा उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री, राज्यसभा और लोकसभा में विपक्ष के नेता, अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जाने-माने नागरिक और सरकार के विभिन्न विकास कार्यक्रमों के लाभार्थी भी इस मौके पर मौजूद थे। समारोह में मेहमानों ने उत्तर.पूर्वी राज्यों की जीवंत कलात्मक और सांस्कृतिक चीज़ों के साथ-साथ वहां के खाने का भी आनंद लिया।
उल्लेखनीय है कि स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर राष्ट्रपति भवन द्वारा शाम को “एट होम” या स्वागत समारोह का आयोजन किया जाता है जिसमें जनप्रतिनिधियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, सेना, प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.