ममता की अगुवाई में प्रदेश हुआ कानून विहीन : रविशंकर
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में मंगलवार को हुए हंगामे पर भाजपा ने ममता सरकार पर आज जमकर निशाना साधा। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि बंगाल में मंगलवार को अत्याचार और कानून की अनदेखी करने की पराकाष्ठा हो गई। बंगाल बौद्धिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का एक बहुत बड़ा प्रदेश रहा है लेकिन ममता दी की अगुवाई में यह कानून विहीन दिवालिया प्रदेश बन गया है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी बंगाल की सरहद के बाहर लोकतंत्र को बचाने की बात करती हैं और बंगाल के अंदर लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन में सारी हदें पार कर देती हैं।
श्री प्रसाद ने कहा कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और ममता की राजनीतिक जमीन खिसक रही है। इसका प्रमाण पिछला लोकसभा का चुनाव है जहां भाजपा ने 18 सीटें प्राप्त की। आने वाले चुनाव में जनता ममता बनर्जी को सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि हम बंगाल में बदलाव लाएंगे। बंगाल के लोगों को भाजपा यह आश्वासन देती है कि पार्टी जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठाती रहेगी। श्री प्रसाद ने कहा कि हम ममता बनर्जी और पश्चिम बंगाल सरकार को यह बताना चाहते हैं कि अगर आपको लगता है कि आप पुलिस की लाठी और बर्बरता से भाजपा को रोक लेंगे तो आप सफल नहीं होने वाले हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बंगाल पुलिस की बर्बरता की हम कड़ी निंदा करते हैं।
