न्यूजीलैंड ने जिम्बाब्वे को नौ विकेट से हराया

बुलावायो। न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन जिम्बाब्वे को नौ विकेट से हरा दिया है। इसी के साथ न्यूजीलैंड ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज में 1 – 0 से बढ़त बना ली हैं।
जिम्बाब्वे ने दूसरी पारी में कल के दो विकेट पर 31 रन से आगे खेलना शुरु किया। शुक्रवार को मैच के तीसरे दिन सुबह के सत्र में विलियम ओरूर्क ने निक वेल्च (चार) और विनसेंट मसेकेसा (दो) को आउटकर जिम्बाब्वे पर दबाव बनाने का प्रयास किया लेकिन, इसके शॉन विलियम्स और कप्तान क्रेग अरवाइन ने संभलकर खेलते हुए स्कोर को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी हुई।
मिचेल सैंटनर ने शॉन विलियम्स को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। शॉन विलियम्स ने 66 गेंदों में छह चौके लगाते हुए 49 रनों की पारी खेली। इसके बाद मैट हेनरी ने क्रेग अरवाइन 53 गेंदों में 22 रन और सिकंदर रजा (पांच) को अपना शिकार बना लिया। न्यूमैन न्यामहुरी (एक) ब्लेसिंग मुजारबानी (19) और टी तिसगा (27) को आउटकर जिम्बाब्वे को 67.1 ओवर में 165 के स्कोर पर समेट दिया। न्यूजीलैंड को जीत के लिए आठ रनों का लक्ष्य मिला। न्यूजीलैंड के लिए मिचेल सैंटनर ने चार विकेट लिये। विलियम ओरूर्क और मैट हेनरी को दो-दो विकेट मिले। इसके बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने महज एक ओवर में एक विकेट पर आठ रन बनाकर मुकाबला नौ विकेट से अपने नाम कर लिया। मैट हेनरी को उनकी बेहतरीन गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच से नवाजा गया। इससे पहले जिम्बाब्वे पहली पारी में 149 रन के स्कोर पर ढ़ेर हो गई थी। मैट हेनरी ने छह और नेथन स्मिथ ने तीन विकेट लिये थे। वहीं न्यूजीलैंड ने पहली पारी में डेवन कॉन्वे (88) और डैरिल मिचेल (80) की शानदार पारियों की मदद से 307 रनों का स्कोर खड़ा कर 158 रनों की बढ़त ले ली थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.