सोनाली मिश्रा ने संभाला रेसुब के डीजी का पदभार
नई दिल्ली। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की अधिकारी सोनाली मिश्रा ने शुक्रवार को रेलवे सुरक्षा बल महानिदेशक का पदभार ग्रहण कर लिया। वह इस पद पर 31 अक्टूबर 2026 तक रहेंगी। भारतीय रेलवे के 143 वर्ष के इतिहास में श्रीमती मिश्रा इस पद पर पहुंचने वाली पहली महिला अधिकारी है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्तियों से संबंधित समिति ने 13 जुलाई को 1993 बैच की मध्य प्रदेश कैडर की अधिकारी मिश्रा को आरपीएफ के डीजी के तौर पर नियुक्ति को मंजूरी दी थी। इससे पहले वह पुलिस प्रशिक्षण एवं अनुसंधान भोपाल में अतिरिक्त डीजी (चयन/ भर्ती) के साथ ही साथ ही मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी, भोपाल के निदेशक के तौर पर कार्य कर रही थीं। श्रीमती मिश्रा ने अपने तीन दशक के करियर के दौरान केंद्रीय जांच ब्यूरो, सीमा सुरक्षा बल और संयुक्त राष्ट्र के शांति दूत के तौर पर कार्य किया है। श्रीमती मिश्रा ने पदभार ग्रहण करने के बाद इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को सौंपने के लिए सरकार और आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों का धन्यवाद किया।
