कोरोना मामले में सुधर रहे दिल्ली के हालात : केजरीवाल

नई दिल्ली । कोरोना मामले में सुधर रहे दिल्ली के हालात। दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान 8,500 नए कोरोना के मरीज सामने आए हैं, वहीं संक्रमण दर 12 के आसपास पहुंच गई है। यह जानकारी खुद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दी। उन्होंने कहा कि सख्त लॉकडाउन के चलते कोरोना के मामले कम हुए हैं लेकिन हमें इसे शून्य पर ले जाना है।
शुक्रवार को डिजिटल पत्रकार वार्ता में केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के हालात में लगातार सुधार हो रहा है। 22 अप्रैल को कोरोना संक्रमितों की जो दर 36 फीसद तक पहुंच गई थी अब गिरकर 12 फीसद पर आ गई है। 10 दिनों के भीतर अस्पतालों में करीब तीन हजार बेड खाली हो गए हैं। हालांकि आइसीयू बेड की अभी भी कमी है। गंभीर मरीजों की संख्या भी कम नहीं हुई है। हमने 1200 नए आइसीयू बेड तैयार कर लिए हैं। एक दो दिन में शुरू हो जाएंगे।उन्होंने कहा कि हालात में सुधार के लिए हमने काफी सख्त लॉकडाउन लगाया जिसका दिल्ली वालों ने भी गंभीरता से पालन किया। उनके अनुशासित आचरण का ही परिणाम है कि स्थिति बेहतर हो रही है। केजरीवाल ने कहा कि अभी जंग जारी है। इसलिए ढिलाई नहीं बरतनी। न ढिलाई बरतनी है और न कोशिशों में कोई कमी छोड़नी है। उन्होंने कहा कि मुझे दुख है कि तमाम कोशिशों के बावजूद हम बहुत से लोगों को नहीं बचा सके। कई परिवारों में तो एक से अधिक मौत भी हुई हैं। बहुत से बच्चे अनाथ हो गए हैं और बहुत से बुजुर्ग अकेले रह गए हैं। इन सभी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। मैं हूं न। न ऐसे बच्चों की पढ़ाई और परवरिश रूकेगी और न ही ऐसे बुजुर्गों को भरण पोषण की दिक्कत आएगी। सरकार उनकी हर आर्थिक मदद करेगी। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मेरी दिल्ली वालों से अपील है कि ऐसे बच्चों औैर बुजुर्गों को इस समय जिस प्यार और देखभाल की जरूरत है वह दें। एक अच्छे पड़ोसी का फर्ज निभाते हुए उनका ख्याल रखें।
