विकास के क्षेत्र में रफ्तार पकड़ चुका है बिहार : जायसवाल

पटना। बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि जिस तरह से दुनिया के सबसे मजबूत नेता नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है, उसी तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास के क्षेत्र में रफ्तार पकड़ चुका है। बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आयोजित मिलन समारोह में विकासशील स्वराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश निषाद,  राजद झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष राजकपूर धनकर,  नेशन फर्स्ट डेमोक्रेटिक पार्टी के अध्यक्ष कौशलेंद्र नारायण और समाजसेवी संगीता सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। डॉ. जायसवाल ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई और पार्टी में स्वागत किया।
इस अवसर पर डा. जायसवाल ने कहा कि बिहार के विकास से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रति लोगों का लगाव बढ़ रहा है, इस कारण लोगों का आकर्षण भी भाजपा की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज बिहार में आधारभूत संरचनाओं के निर्माण को लेकर जाल बिछ रहा है। आज बिहार शिक्षा,  स्वास्थ्य सभी क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हालांकि यह विकास कई लोगों को पसंद नहीं आ रहा है लेकिन जनता इस डबल इंजन की सरकार को पसंद कर रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार को सजाने.संवारने के सपने को साकार करना है। बिहार को विकसित बिहार बनाने का सपना है वही साकार करना है। बिहार को जिसने बर्बाद किया उसके साथ बिहार कभी नहीं चलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.