योगी सरकार में अपराध पर लगाम : स्वतंत्रदेव

जालौन। उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में माफिया और अराजक तत्वों के हौसले पस्त हुए हैं जबकि रोजगार में पारदर्शिता दिखने लगी है। इंदिरा स्टेडियम उरई में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी और अराजकता का बोलबाला था। किसान यदि खेतों में फावड़ा छोड़ते थे तो वह चोरी हो जाता था, घरों से भैंसें तक गायब कर दी जाती थीं और जगह-जगह बम धमाके आम बात थी लेकिन आज योगी सरकार की सख्त कानून व्यवस्था के कारण कोई भी अपराधी अपराध करने की हिम्मत नहीं कर सकता। अब किसान निश्चिंत होकर अपने ट्रैक्टर भी खेत में सुरक्षित छोड़ सकते हैं।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि योगी सरकार ने न केवल अपराध पर नियंत्रण किया है, बल्कि रोजगार के क्षेत्र में भी ऐतिहासिक कार्य किए हैं। अब तक 96 लाख लोगों को छोटे उद्योगों से जोड़ा गया है, 2 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला है और 8 लाख से ज्यादा सरकारी नियुक्तियां पूरी तरह पारदर्शी तरीके से दी गई हैं। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों में न जातिवाद हुआ,  न क्षेत्रवाद,  न वंशवाद और न ही भ्रष्टाचार। किसी से एक रुपए की रिश्वत तक नहीं ली गई। पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पहले की स्थिति ऐसी थी कि महिलाएं रात में घर से बाहर निकलने से डरती थीं, लेकिन योगी सरकार में महिलाएं सुरक्षित रूप से बाहर जा सकती हैं और सामाजिक जीवन में सम्मानजनक भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के बदलते स्वरूप का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले जहां असुरक्षा का माहौल रहता था,  वहीं आज देव दीपावली, कांवड़ यात्रा और राम बारात जैसे पर्व पूरे उल्लास और सुरक्षा के साथ सम्पन्न होते हैं। इन आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा कर उन्हें सम्मानित किया जाता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.