राष्ट्रपति कोविंद ने बारामुला में शहीदों को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। कारगिल विजय दिवस पर राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए जम्मू और कश्मीर के बारामूला के डैगर युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इससे पहले कारगिल विजय दिवस की 22वीं वर्षगांठ के मौके पर आज चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, लद्दाख के उपराज्यपाल आर के माथुर और लद्दाख के सांसद जामयांग त्सेरिंग नामग्याल ने द्रास में कारगिल युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। सीडीएस ने स्मारक पर विजय ज्योति भी स्थापित की।
राष्ट्रपति कोविंद का आज कारगिल के द्रास जाकर शहीदों को नमन करने का कार्यक्रम था लेकिन खराब मौसम की वजह से बदलाव किया गया। राष्ट्रपति कोविंद ने बारामूला में युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति कोविंद रविवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के चार दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे। इससे पहले साल 2019 में खराब मौसम के चलते राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद कारगिल विजय दिवस समारोह में हिस्सा नहीं ले पाए थे और उन्होंने श्रीनगर के बदामीबाग में सेना की 15वीं कोर के मुख्यालय में युद्ध स्मारक पर माल्यार्पण करके ही वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी थी।
विदित हो कि कारगिल विजय दिवस का आयोजन हर साल 26 जुलाई को किया जाता है। ये वही दिन है, जब भारतीय सेना ने कारगिल में अपनी सभी चौकियों को वापस पा लिया था जिनपर पाकिस्तान की सेना ने कब्जा किया था। ये लड़ाई जम्मू.कश्मीर के कारगिल जिले में साल 1999 में मई से जुलाई के बीच हुई थी। पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को जानकारी दिए बिना तत्कालीन पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल परवेज मुशर्रफ ने कारगिल में घुसपैठ करवाई थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.