गोगरा से पीछे हटीं भारत-चीन की सेनाएं

नई दिल्ली। भारत.चीन बॉर्डर पर डिसइंगेजमेंट को लेकर भारतीय सेना का बड़ा बयान आया है। पूर्वी लद्दाख के गोगरा इलाके से भारत और चीन के सैनिक पीछे हटे हैं। दोनों पक्षों के बीच 12वें दौर की बातचीत में बनी सहमति के आधार पर यह कार्रवाई हुई है। गोगरा में अस्थायी निर्माण भी हटाए लिए गए हैं। भारतीय सेना ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सेना ने बताया कि दोनों पक्षों द्वारा बनाए गए अन्य बुनियादी ढांचे को नष्ट कर दिया गया है और इसकी पुष्टि भी कर ली गई है। सेना ने कहा कि गोगरा पोस्ट से 4-5 अगस्त को दोनों देशों की सेनाएं पीछे हटीं, दोनों पक्ष अब अपने-अपने स्थायी ठिकानों में हैं।
भारतीय सेना ने कहा कि दोनों पक्षों द्वारा क्षेत्र में बनाए गए सभी अस्थायी ढांचे और अन्य संबद्ध बुनियादी ढांचे को ध्वस्त कर दिया गया है और आपस में इसकी पुष्टि भी कर ली गई है। दोनों पक्षों द्वारा क्षेत्र में लैंडफॉर्म (जमीन का एक प्राकृतिक रूप) को बहाल कर दिया गया है जैसा कि गतिरोध शुरू होने से पहले था। उन्होंने आगे कहा कि यह समझौता सुनिश्चित करता है कि इस क्षेत्र में एलएसी का दोनों पक्षों द्वारा कड़ाई से पालन और सम्मान किया जाएगा और यथास्थिति में एकतरफा बदलाव नहीं होगा। सेना ने कहा कि गोगरा से सेना के पीछे हटने के साथ ही एक और संवेदनशील क्षेत्र का समाधान हो गया है। दोनों पक्षों ने वार्ता को आगे बढ़ाने और पश्चिमी क्षेत्र में एलएसी के साथ शेष मुद्दों को हल करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। सेना ने अपने बयान में यह भी कहा कि आईटीबीपी (इंडो-तिब्बत सीमा पुलिस)  के साथ भारतीय सेना देश की संप्रभुता सुनिश्चित करने और पश्चिमी क्षेत्र में एलएसी के साथ शांति बनाए रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.