पहाड़ दरकने से गिरी चट्टानें, 10 की मौत

शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर में निगुलसरी में राष्ट्रीय राजमार्ग पांच पर पहाड़ दरकने से हुए हादसे में 10 लोगों की मौत हुई है जबकि घायल हुए 13 लोगों को बचा लिया गया है।
बताया जाता है कि पहाड़ से गिरे चटृटानों ने नेशनल हाईवे-5 से गुजर रही हिमाचल रोडवेज की बस समेत एक ट्रक और दो कारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, वहीं करीब 60 लोगों के मलबे में फंसने की खबर है। अब तक 13 लोगों को रेस्क्यू कर घायलावस्था में सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र भावानगर भेजा गया है जबकि एक कार आंशिक रूप से और दूसरी पूरी तरह क्षतिग्रस्‍त हो गई है।
बताया जा रहा है बस में 24 यात्री सवार थे। जिला प्रशासन समेत अन्‍य अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। एनडीआरएफ समेत सीआरपीएफ व आइटीबीपी की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं व राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। सीएम जयराम ठाकुर हादसे का जायजा लेने झाकड़ी पहुंचे, वहां से सड़क के माध्यम से निगुलसरी पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक मिली जानकारी के मुताबिक, मूरंग से हरिद्वार जा रही हिमाचल परिवहन पथ निगम की एक बस, 2 कारों समेत 4 दूसरी गाड़ियां मलबे में दबी हुई हैं। रेस्क्यू टीम इन्हें निकालने की कोशिश कर रही है।
विदित हो कि इससे पहले गत 25 जुलाई को भी किन्नौर में भूस्खलन के बाद एक पहाड़ी से चट्‌टानें नीचे आ गिरी थीं। हादसे में 9 टूरिस्ट्स की मौत हो गई थी। उस वक्त चट्टानें इतनी तेज रफ्तार से गिरी थीं कि उनकी चपेट में आने से बस्पा नदी का पुल तक टूट गया था। इस घटना में हिमाचल घूमने गए राजस्थान के 4, छत्तीसगढ़ के 2 और एक-एक महाराष्ट्र और वेस्ट दिल्ली के पर्यटकों की मौत हो गई थी ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.