अब “कर्तव्य पथ” के नाम से जाना जाएगा राजपथ

नई दिल्ली । भारत की राजधानी दिल्ली के लुटियंस जोन में राजपथ का नाम बदलकर “कर्तव्यपथ” कर दिया गया है ताकि संसद भवन से इंडिया गेट तक जाने वाले इस मार्ग के नाम से अंग्रेजों की गुलामी का एहसास न हो। आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के बाद नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) ने बुधवार को हुई बैठक में राजपथ के बदले नाम कर्तव्यपथ पर अपनी मुहर लगा दी है। एनडीएमसी की इस विशेष बैठक में प्रस्ताव पारित कर दिया गया। इसके बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल गुरुवार को इसका उद्घाटन करेंगे।
लोकसभा की सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि हमने विशेष परिषद बैठक में राजपथ का नाम बदलकर “कर्तव्यपथ” करने का प्रस्ताव पारित कर दिया है। वहीं एनडीएमसी के उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने बताया कि आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय से इस संबंध में प्रस्ताव मिला था। उन्होंने कहा कि अब इंडिया गेट पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा से लेकर राष्ट्रपति भवन तक पूरे इलाके को “कर्तव्यपथ” कहा जाएगा।
बता दें कि ब्रिटिश शासन के दौरान राजपथ को किंग्सवे के नाम से जाना जाता था। वर्तमान में जिस रोड पर प्रधानमंत्री का आवास स्थित है 2015 में उसका नाम रेसकोर्स रोड से बदलकर लोक कल्याण मार्ग कर दिया गया। उसी वर्ष औरंगजेब रोड का नाम बदलकर एपीजे अब्दुल कलाम मार्ग कर दिया गया। वर्ष 2017 में डलहौजी रोड का नाम बदलकर दारा शिकोह मार्ग कर दिया गया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.