महाराष्ट्र में रेलवे फुट ब्रिज का हिस्सा गिरा, 13 घायल
मुंबई। महाराष्ट्र के चंद्रपुर में बल्लारशाह रेलवे स्टेशन पर बने फुट ओवरब्रिज का एक हिस्सा रविवार को गिर गया। इस दौरान ब्रिज से गुजर रहे कुछ यात्री 60 फीट की ऊंचाई से सीधे रेलवे ट्रैक पर जा गिरे। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने घायलों को ट्रैक से उठाया। बड़ी बात ये रही कि हादसे के दौरान ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं थी। रेलवे अधिकारियों ने घटना की सूचना मिलते ही प्लेटफॉर्म पर आने वाली ट्रेनों को रोक दिया। घायलों को सिविल अस्पताल शिफ्ट किया गया है। हादसे में किसी की मौत की खबर नहीं है।
सेंट्रल रेलवे के चीफ पब्लिक रिलेशन ऑफिसर शिवाजी सुतार ने बताया कि रेलवे ने गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 1 लाख रुपए और सामान्य घायलों को 50 हजार रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है। घायलों का इलाज सिविल अस्पताल में किया जा रहा है। बल्लारशाह स्टेशन पर शाम 5.10 बजे जब यह हादसा हुआ उस वक्त काजीपेट.पुणे एक्सप्रेस में सवार होने के लिए कई यात्री प्लेटफॉर्म नंबर एक से प्लेटफॉर्म नंबर चार पर जा रहे थे। अचानक पुल के बीचों-बीच स्लैब का एक हिस्सा ढह गया जिससे वहां से गुजर रहे यात्री पटरियों पर गिर गए। विदित हो कि तेलंगाना राज्य की ओर जाने वाले रूट पर चंद्रपुर जिले का आखिरी जंक्शन बल्लारशाह रेलवे स्टेशन है।
