छ: राज्यों के गृह सचिवों को हटाने का आदेश

लोकसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग का एक्शन

नई दिल्ली। देशभर में लोकसभा चुनाव 2024 का बिगुल बज चुका है। चुनाव आयोग ने शनिवार को लोकसभा चुनाव की तारीख का ऐलान किया है जिसके बाद से आचार संहिता लागू हो चुका है। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को होना है जबकि अंतिम और सातवें चरण का मतदान एक जून को होगा। 16 मार्च को चुनावी शेड्यूल जारी कर निर्वाचन आयोग के आयुक्त राजीव कुमार ने मतदाताओं से खास अपील की थी और ज्यादा से ज्यादा मतदान करने का आग्रह किया था।  19 अप्रैल को पहले चरण की वोटिंग होगी। जबकि दूसरा चरण 26 अप्रैल, तीसरा 7 मई, चौथा चरण 13 मई, पांचवां फेज 20 मई, छठवां फेज 25 मई और सातवें चरण का मतदान 1 जून को होगा। चुनाव का शांतिपर्वक और स्वच्छ मतदान को लेकर चुनाव आयोग अपनी कमर कस चुका है।
इस बीच चुनाव आयोग ने बंगाल के डीजीपी और यूपी.गुजरात समेत 6 राज्यों के गृह सचिवों को हटाने का आदेश दिया है। बताया जाता है कि आयोग की ओर से मुख्यमंत्री कार्यालयों में प्रभार संभाल रहे गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के गृह सचिवों को हटाने का आदेश दिया है। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के पुलिस प्रमुख को भी हटाने का आदेश दिया है। साथ ही मिजोरम और हिमाचल प्रदेश के सामान्य प्रशासनिक विभागों के सचिवों को हटा दिया गया है। लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के कुछ दिनों बाद आयोग ने बृह्नमुंबई महानगर पालिका के आयुक्त इकबाल सिंह चहल, अतिरिक्त आयुक्तों और उपायुक्तों को हटाने का भी आदेश दिया।
चुनाव आयोग ने सभी राज्य सरकारों को निर्देश दिया था कि वे चुनाव संबंधी कार्यों से जुड़े उन अधिकारियों का तबादला करें जिन्होंने ;पद परद् तीन साल पूरा कर लिया है या अपने गृह जिलों में तैनात हैं। महाराष्ट्र ने कुछ नगर निगम आयुक्तों, अतिरिक्त आयुक्तों और उपायुक्तों के संबंध में निर्देशों का पालन नहीं किया था। आयोग ने नाखुशी जताते हुए महाराष्ट्र के मुख्य सचिव को सोमवार शाम छह बजे तक रिपोर्ट देने के निर्देश के साथ ही बीएमसी के आयुक्त और अतिरिक्त आयुक्तों एवं उपायुक्तों का स्थानांतरण करने का आदेश दिया। मुख्य सचिव को महाराष्ट्र में समान रूप से पदस्थापित सभी नगर निगम आयुक्तों और अन्य निगमों के अतिरिक्त आयुक्तों या उपायुक्तों को स्थानांतरित करने का भी निर्देश दिया गया है। यह आदेश मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार और निर्वाचन आयुक्तों ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू के बीच सोमवार को हुई बैठक के बाद आया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.