राजनाथ सिंह लखनऊ, तो स्मृति ने अमेठी से भरा पर्चा

लखनऊ। लखनऊ से भाजपा के दिग्गज नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तो अमेठी से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन से पहले स्मृति ईरानी ने अपने अमेठी स्थित आवास पर पूजा की। वहीं राजनाथ सिंह ने लखनऊ के हनुमान मंदिर में माथा टेका। इसके बाद दोनों नेताओं ने रोड शो किया। राजनाथ सिंह लगातार दो बार से लखनऊ लोकसभा सीट जीत रहे हैं। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस-सपा के साझा उम्मीदवार रविदास मेहरोत्रा से है। अमेठी में 2019 में राहुल गांधी को स्मृति ईरानी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। भाजपा ने इस बार भी स्मृति को मैदान में उतारा है लेकिन कांग्रेस अपना उम्मीदवार तय नहीं कर पाई है। इससे पहले रविवार को दिन में स्मृति अयोध्या गई थीं और उन्होंने रामलला के दर्शन किए थे। भगवान राम की पूजा.अर्चना करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में ईरानी ने कहा कि आज मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं कि मेरा जन्म ऐसे युग में हुआ जिसमें हमारे रामलला को एक भव्य समारोह के माध्यम से एक तंबू से भव्य मंदिर में स्थापित किया गया। अमेठी से भाजपा सांसद ईरानी ने कहा कि मैंने राष्ट्र की प्रगति, प्रधान सेवक (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) के अच्छे स्वास्थ्य और भारत के गौरव के लिए रामलला के चरणों में आशीर्वाद मांगा। साथ ही भगवान हनुमान से आशीर्वाद मांगा कि मेरा सेवा भाव उनके जैसा ही हो।

Leave A Reply

Your email address will not be published.