मोदी के रहते कोई भारत को तोड़ नही सकता : शाह
झांसी। लोकसभा चुनाव 2024 के पांचवे चरण के प्रचार के लिए गृह मंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश के झांसी पहुंचे। उन्होंनेे यहां उपस्थ्ति जनसमुदाय से कहा कि मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद योगी जी मुख्यमंत्री बने और उत्तर प्रदेश के विकास की शुरुआत हुई। एक जमाना था जब उत्तर प्रदेश में देसी कट्टे बनते थे, लेकिन मोदी जी ने बुंदेलखंड में डिफेंस कॉरिडोर बनाया। अब यहां तोप के गोले बनते हैं। पाकिस्तान ने अगर कोई भी गलती की तो ये बुंदेलखंडी गोला पाकिस्तान पर गिरेगा और उसका सफाया कर देगा।
गृह मंत्री श्री शाह ने कहा इस भूमि ने मुगलों के सामने भी लड़ाई लड़ी और अंग्रेजों के सामने भी लड़ाई लड़ी। अब हमारे देश में मौजूद देशी अंग्रेजों के खिलाफ भी बुंदेलखंड को लड़ाई लड़नी है। चुनाव के 4 चरण समाप्त हो चुके हैं। 4 चरण में मोदी जी 270 सीटें लेकर ट्रिपल सेंचुरी की ओर आगे बढ़ गए हैं और राहुल बाबा के इंडी अलायंस का सूपड़ा साफ हो गया है। अब ये निश्चित हो गया है कि मोदी जी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में एक ओर 12 लाख करोड़ के घपले घोटाले करने वाला इंडी अलायंस है और दूसरी ओर मोदी जी हैं जो 23 साल से मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री पद पर हैं लेकिन उन पर 25 पैसे का भी आरोप कोई नहीं लगा सकता।। एक ओर चांदी की चम्मच के साथ पैदा हुए राहुल गांधी और अखिलेश यादव हैं, वहीं दूसरी ओर गरीब चाय वाले के घर में पैदा हुए हमारे नेता नरेंद्र मोदी जी हैं। एक ओर रामभक्तों पर गोली चलाने वाली समाजवादी पार्टी है वहीं दूसरी ओर राम मंदिर बनाने वाले नरेंद्र मोदी जी हैं।
श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस के नेता मणिशंकर अय्यर कहते हैं कि पाकिस्तान को सम्मान दो, उनके पास एटम बम है। उनसे पीओके मत मांगों। मैं इनसे कहना चाहता हूं कि ये नरेंद्र मोदी जी की सरकार है। हम एटम बम से नहीं डरते हैं। पीओके भारत का है, रहेगा और हम उसे लेकर रहेंगे। गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश को तोड़ना चाहती है। उनके नेता कहते हैं कि दक्षिण भारत और उत्तर भारत देश के 2 हिस्से कर दीजिए तो मैं बताना चाहता हूं कि मोदी जी फिर से आने वाले हैं और मोदी जी के रहते कोई भी भारत को तोड़ नहीं सकता।
