बंगलादेश के राजनीतिक घटनाक्रम पर निरंतर नजर : जयशंकर

नई दिल्ली। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि सरकार बंगलादेश के राजनीतिक घटनाक्रम पर निरंतर नजर रखे हुए है और जब तक वहां कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य नहीं हो जाती भारत की गहरी चिंता बनी रहेगी। डॉ. जयशंकर ने बंगलादेश के घटनाक्रम पर राज्यसभा में स्वत: बयान देते हुए कहा कि पड़ोसी देश का राजनीतिक घटनाक्रम चिंता का विषय है और सरकार अपने राजनयिक मिशनों के माध्यम से वहां रह रहे भारतीय नागरिकों से बराबर संपर्क बनाये हुए है। उन्होंने कहा कि वहां भारत के 19 हजार नागरिक हैं जिनमें करीब नौ हजार छात्र हैं और इनमें से काफी छात्र जुलाई में स्वदेश आ गये थे।
विदेश मंत्री ने कहा कि भारत बंगलादेश में अल्पसंख्यकों की स्थिति पर भी निगाह रखे हुए है। वहां से ऐसी रिपोर्ट आ रही हैं कि कई समूह और संगठन अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और सलामती के लिए कदम उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वभाविक है कि जब तक वहां कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य नहीं हो जाती हमारी गहरी चिंता बनी रहेगी। विदेश मंत्री ने बताया कि सीमाओं पर तैनात सुरक्षा बलों को बंगलादेश की जटिल स्थिति को देखते हुए असाधारण रूप से चौकस रहने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि भारत ढाका में अधिकारियों के साथ संपर्क बनाये हुए है। विदेश मंत्री ने लोगों को बंग्लादेश में हुए घटनाक्रम की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत और बंगलादेश के संबंध विभिन्न सरकारों के कार्यकाल में दशकों से असाधारण रूप से प्रगाढ रहे हैं। बंगलादेश में हिंसा और अस्थिरता को लेकर भारत में सभी  दलों की चिंता समान है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.