यूनानी नौसेना प्रमुख के साथ समुद्री सहयोग बढाने पर चर्चा की
नई दिल्ली। यूनान की यात्रा पर गये नौसेना प्रमख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने शुक्रवार को यूनानी सेना के अपने समकक्ष से मुलाकात की और समुद्री सहयोग बढाने तथा दोनों नौसेनाओं के बीच साझेदारी को मजबूत बनाने पर चर्चा की।
यूनान पहुंचने पर एडमिरल त्रिपाठी का पारंपरिक गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया। दोनों नौसेना प्रमुखों ने मुलाकात के दौरान समुद्री सुरक्षा सहयोग को बढ़ाकर और स्थिर तथा सुरक्षित समुद्री माहौल के लिए साझा लक्ष्यों के साथ नौसेना से नौसेना के बीच साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा की। अंतरसंचालनीयता और क्षमता निर्माण को बढ़ाने पर जोर देने के साथ-साथ प्रशिक्षण सहयोग को आगे बढ़ाने की संभावना पर भी बात की गयी।
एडमिरल त्रिपाठी ने यूनान के उप रक्षा मंत्री आयोनिस केफालोगियानिस और हेलेनिक नेशनल डिफेंस जनरल स्टाफ के उप प्रमुख क्रिस्टोस ससियाकोस से भी मुलाकात की जो रक्षा संबंधों को प्रगाढ बनाने और भूमध्य सागर में समुद्री सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में एक मजबूत रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण कदम है। उनके बीच बातचीत खुले समुद्री व्यापार मार्गों, रणनीतिक नौसैनिक अवसरों, क्षमता निर्माण, साझा प्रशिक्षण पहल और अंतरसंचालनीयता बढ़ाने पर ध्यान देने के साथ भारत-यूनान रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए आधार तैयार करने पर केंद्रित रही। विशिष्ट प्रौद्योगिकियों और रक्षा उद्योग के अवसरों में सहयोग पर भी विचार-विमर्श किया गया।
