प्रियंका गांधी ने वायनाड लोकसभा सीट से किया नामांकन दाखिल

वायनाड (केरल) । कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को वायनाड लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल कर अपनी चुनावी पारी का आगाज कर दिया। नामांकन के बाद प्रियंका ने कहा कि उनके पास राजनीति में 35 साल का अनुभव है क्योंकि वह 1989 में अपने पिता राजीव गांधी के साथ 17 साल की उम्र में पहली बार चुनाव प्रचार अभियान में शामिल हुई थीं। प्रियंका ने कहा कि यहां के लोग पहले से ही मुझे प्यार दे रहे हैं और मैं इसके लिए बहुत आभारी हूं। उन्होंने कहा कि मुझे 35 साल हो गए हैं मैं अलग.अलग चुनावों के लिए प्रचार करती हूं। यह पहली बार है जब मैं अपने लिए समर्थन जुटाने के लिए प्रचार कर रही हूं।
वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले कलपेट्टा में एक विशाल सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वह 1989 में अपने पिता राजीव गांधी के साथ चुनाव प्रचार में शामिल हुईं थीं, उसके बाद से 35 वर्षों में उन्होंने अपनी मां सोनिया गांधी, अपने भाई राहुल गांधी और पार्टी के अन्य सहयोगियों के लिए प्रचार किया है। प्रियंका गांधी ने यह भी कहा कि वह वायनाड के लोगों का प्रतिनिधित्व करने के लिए उम्मीदवार बनाए जाने से स्वयं को सम्मानित महसूस कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में हुए भूस्खलन के समय वायनाड के लोगों द्वारा दिखाए गए साहस से वह बहुत प्रभावित हुईं।
इस अवसर पर राहुल गांधी ने कहा कि एक बार जब उनकी बहन जीत जाएंगी तो वायनाड के लोगों के पास संसद में प्रतिनिधित्व करने के लिए उनके सहित दो सांसद होंगे। राहुल ने कहा मैं वायनाड के लोगों का अनौपचारिक सांसद रहूंगा। प्रियंका गांधी के भाषण के दौरान मंच पर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
बता दें कि वायनाड में 13 नवंबर को मतदान होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.