दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई : मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत को शनिवार को ऐतिहासिक बताया और कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन में जन्मी आम आदमी पार्टी (आप) कांग्रेस के डीएनए में रची बसी अर्बन नक्सली सोच को आगे बढ़ा रही थी तथा विकास को अवरुद्ध करके दिल्ली वालों पर आपदा बन कर रह गयी थी।
   श्री मोदी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की ये विजय ऐतिहासिक है। दिल्ली के लोगों ने “आपदा” को बाहर कर दिया है। एक दशक की “आपदा” से दिल्ली मुक्त हुई है। दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है। आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है। आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई “आपदा” की हार हुई है। उन्होंने कहा किआज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया। उन्होंने कहा कि तीन-तीन बार लोकसभा में शत-प्रतिशत विजय दिलाने के बाद भी देश भर के और दिल्ली के भाजपा कार्यकर्ताओं के मन में एक टीस थी। ये टीस दिल्ली की पूरी तरह से सेवा न कर पाने की थी। लोकसभा चुनाव में जीत के बाद हमने पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया।फिर महाराष्ट्र में नया रिकॉर्ड बनाया। अब दिल्ली में नया इतिहास रच गया है। आज दिल्ली का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं, ऐसा कोई वर्ग नहीं जहां कमल न खिला हो। हर भाषा बोलने वालों ने, हर राज्य के लोगों ने दिल्ली में भाजपा के कमल निशान पर वोट दिया है।
    प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दिल्ली के विकास के सामने से एक बड़ी रुकावट आप सब दिल्ली वासियों ने दूर कर दी है। पूरा देश जानता है कि जहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) है वहां सुशासन है,  विकास है, विश्वास है। राजग का हर प्रतिनिधिए हर जन प्रतिनिधि लोगों के हित में काम करता है। श्री मोदी ने कहा कि आज देश तेजी से शहरीकरण की ओर बढ़ रहा है। पिछली सरकारों ने शहरीकरण को बोझ और चुनौती माना। उन्होंने शहरों को निजी धन कमाने का जरिया बना लिया। दिल्ली देश का प्रवेश द्वार है और इसलिए यहां सबसे अच्छा शहरी बुनियादी ढांचा होना चाहिए।
    उन्होंने कहा कि अब यहां बनने वाली भाजपा सरकार दिल्ली को विकास की ऊर्जा के साथ एक आधुनिक शहर बनाएगी। यमुना नदी को स्वच्छ बनाने के संकल्प को दोहराते हुए श्री मोदी ने कहा  हमलोग हमारा सदा मंगल करने वाली यमुना देवी को नमस्कार करते हैं। लेकिनए उसी यमुना की इन लोगों ने कैसी दुर्दशा कर दी, दिल्ली का तो अस्तित्व ही मां यमुना की गोद में पनपा है। दिल्ली के लोग यमुना की इस पीड़ा को देखकर कितना आहत होते रहे हैं! मैने चुनाव प्रचार के दौरान संकल्प लिया  कि हम यमुना जी को दिल्ली शहर की पहचान बनाएंगे।श्री मोदी ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि आज जनता ने एक बार फिर कांग्रेस को कड़ा संदेश दिया है। दिल्ली के चुनाव में कांग्रेस ने जीरो की डबल हैट्रिक लगाई है। देश की राजधानी में देश की सबसे पुरानी पार्टी का लगातार दिल्ली में छह बार से खाता नहीं खुल रहा है। ये लोग खुद को पराजय का गोल्ड मेडल देते हुए फिर रहे हैं। सच्चाई ये है कि कांग्रेस पर भरोसा करने के लिए देश बिल्कुल भी तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछली बार मैंने कहा था कि कांग्रेस एक परजीवी पार्टी बन चुकी है। ये खुद तो डूबती है, अपने साथियों को भी डुबोती है।
प्रधानमंत्री ने आम आदमी पार्टी पर प्रहार करते हुए  कहा कि जिस पार्टी का जन्म ही भ्रष्टाचार के विरुद्ध हुए आंदोलन से हुआ हो वही भ्रष्टाचार में लिप्त हो गई। ये देश की ऐसी पार्टी बनी जिसके मुख्यमंत्री, मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल गए। जो खुद को ईमानदारी का सर्टिफिकेट देते थे और दूसरों को बेईमानी का मेडल देते थे वो खुद भ्रष्टाचारी निकले। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि सीएजी रिपोर्ट विधानसभा के पहले सत्र में पेश की जाएगी, भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को छोड़ा नहीं जाएगा और लूटा गया पैसा वापस दिलाया जाएगा। यह मोदी की गारंटी है!

Leave A Reply

Your email address will not be published.